
प्रेम में अड़ंगा बनी भाभी से ननद ने सोमवार रात को ऐसा बदला लिया कि लोगों की रूह कांप गई। ननद ने रात के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। सबके सोने पर देर रात भाभी पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसने मासूम भतीजी की पानी में डुबोकर हत्या कर दी और अन्य भतीजियों को भी घायल कर दिया।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में प्रेम में अड़ंगा बनी भाभी से ननद ने सोमवार रात को ऐसा बदला लिया कि लोगों की रूह कांप गई। ननद ने रात के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सबके सोने पर देर रात भाभी पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे पहले मासूम भतीजी की पानी में डुबोकर हत्या कर दी और अन्य भतीजियों को भी घायल कर दिया। इसके बाद खुद ही बदमाशों के आने का शोर मचा दिया। पुलिस को शक होने पर सख्ती से पूछताछ में ननद ने अपना गुनाह कबूल लिया। पुलिस ने ननद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मीट का काटने वाला चाकू बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी कलां गांव की रहने वाली फिरदौस (35) अपनी चार बच्चियों शाद (10), आयशा (8), नबिया (7), इसरा (4) और ननद माना (22) के साथ रहती थी। फिरदौस का पति इमरान लखनऊ में कपड़े बेचने का काम करता है।
सोमवार रात ननद माना ने घर में सभी के लिए मीट बनाया। परिजन के मुताबिक, उसने खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। घर के सभी लोगों ने खाना खाया, लेकिन ननद ने नहीं खाया और कमरे में सोने चली गई। रात करीब 12 बजे के बीच जब सभी गहरी नींद में थे तो माना अपने कमरे से निकली। भाभी फिरदौस के कमरे में गई। वहां से उसने अपनी चार साल की भतीजी इसरा को उठाया और बाहर लाकर उसका गला दबाया, फिर उसे पानी की टंकी में डूबो कर मार डाला। इसके बाद फिर से भाभी फिरदौस के कमरे में पहुंची और चाकू से उसके पेट पर तीन वार किए। हमले में फिरदौस की आंतें तक बाहर आ गई। उसे मरा समझने के बाद माना ने एक-एक कर अन्य तीन भतीजियों को भी घायल कर दिया।
शक होने पर लिया हिरासत में
जब माना को लगा कि वह फंस जाएगी तो उसने बदमाश होने का शोर मचाते हुए पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों व ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना शाहपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर सबसे पहले घायल फिरदौस को अस्पताल पहुंचाया। बाद में पानी की टंकी से मासूम इसरा का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी दौरान पुलिस ने शक होने पर ननद को भी हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
चेन्नई में रह रहे प्रेमी से बात करती थी माना
दोपहर बाद पुलिस लाइन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस वारदात का खुलासा किया। एसएसपी के अनुसार माना पुत्री यामीन निवासी ग्राम बसी कलां ने बताया कि उसका गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक कुछ माह पूर्व चेन्नई नौकरी करने गया था, जिससे वह फोन पर बात करती थी। इस बात का बड़ी भाभी फिरदौस को व अन्य परिजनों को भी पता चल गया था। फिरदौस माना को फोन पर बात करने से रोकती थी। इसी बात पर उसने वारदात की। पुलिस ने हत्यारोपी ननद को जेल भेज दिया है।




