अमरोहा में एक युवक के वैवाहिक जीवन में उस वक्त मोड़ आ गया जब शादी के 17वें दिन पता चला कि उसकी पत्नी ढाई महीने की गर्भवती है। पेट दर्द की शिकायत पर हुए अल्ट्रासाउंड ने इस राज से पर्दा उठाया, जिससे ससुराल में खलबली मच गई।

रिश्तों की बुनियाद आपसी भरोसे और पारदर्शिता पर टिकी होती है, लेकिन जब विवाह के चंद दिनों बाद ही कोई बड़ी सच्चाई सामने आती है, तो परिवार में खलबली मचनी लाजमी है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां महज 17 दिनों के भीतर कानूनी उलझनों में बदल गईं। नई नवेली दुल्हन के पेट में उठा अचानक दर्द उसके अतीत का ऐसा राज खोल देगा, इसकी कल्पना न तो उसके पति ने की थी और न ही ससुराल वालों ने। अल्ट्रासाउंड की एक रिपोर्ट ने वैवाहिक जीवन में भूचाल ला दिया है और अब यह मामला पुलिस की चौखट तक पहुंच गया है।
शादी के एक सप्ताह बाद शुरू हुई मुसीबत
यह पूरा मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। यहां रहने वाले एक युवक का विवाह 28 जनवरी 2026 को संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ था। विदाई के बाद दुल्हन जब अपने ससुराल पहुंची, तो शुरुआत के तीन-चार दिन सब कुछ सामान्य रहा और घर में उत्सव का माहौल था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन शादी के एक सप्ताह बाद अचानक दुल्हन ने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। ससुराल वालों ने इसे सामान्य स्वास्थ्य समस्या समझकर पहले घरेलू उपचार और दवाइयां दीं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट ने उड़ा दिए सबके होश
शादी के 17वे दिन यानी 13 फरवरी को जब दर्द असहनीय हो गया तो घबराया हुआ पति अपनी पत्नी को लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचा। डॉक्टर की सलाह पर तत्काल अल्ट्रासाउंड कराया गया। जब रिपोर्ट आई तो उसे देखकर पति और उसके परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। चेकअप के बाद चिकित्सक ने रिपोर्ट में पुष्टि की कि नई नवेली दुल्हन 11 सप्ताह और एक दिन की गर्भवती है। चूंकि शादी को हुए अभी मात्र 17 दिन ही गुजरे थे और रिपोर्ट ढाई महीने से अधिक का गर्भ बता रही थी, इस खुलासे के बाद ससुराल में सन्नाटा पसर गया और खुशियों वाले घर में आरोपों का दौर शुरू हो गया।
धोखे में रखकर कराई गई शादी, पीड़ित पति का आरोप
शादी के 17वें दिन इस बड़े खुलासे के बाद पति और उसके परिजनों ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया। उन्होंने तुरंत दुल्हन के मायके वालों को इसकी सूचना दी और उसे दुल्हन को वापस उसके घर छोड़ आए। पीड़ित युवक का आरोप है कि युवती के परिजनों ने जानबूझकर यह अहम सच्चाई उनसे छिपाई और उन्हें अंधेरे में रखकर यह शादी कराई। युवक ने अब डिडौली कोतवाली में लिखित शिकायत देकर ससुराल पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



