
रामपुर जिले में मिलक कोतवाली क्षेत्र में सात साल के मासूम के साथ कुकर्म के बाद दरिंदे ने बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। शनिवार को आरोपी बच्चे को सामान दिलाने के बहाने जंगल ले गया और इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। रविवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम के साथ दरिंदगी की पुष्टि हुई है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है। ग्रामीण का सात वर्षीय पुत्र घर से दुकान पर सामान लेने निकला था। आरोप है कि गांव का ही युवक उसे बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया। वहां उसने मासूम को नशीला पदार्थ खिलाया और उसके साथ कुकर्म किया। जब बच्चे ने विरोध किया और चीखने-चिल्लाने लगा, तो आरोपी ने उसे लहूलुहान होने तक बेरहमी से पीटा और मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकला।
मासूम ने बताई परिजनों को पूरी घटना
मासूम किसी तरह लड़खड़ाते हुए घर के करीब पहुंचा, जहां साथ के बच्चों ने उसे देख परिजनों को सूचना दी। बदहवास परिजन मासूम को लेकर शाहबाद स्थित अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुकर्म की बात कहते हुए पुलिस केस बताकर दवा दे दी। देर रात परिजन पुत्र को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मासूम के साथ हुई इस वारदात से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस परिजनों के साथ मासूम को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी को ‘चाचा’ कहता था मासूम
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें कुकर्म और चोटों की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त हो गया।परिजनों के मुताबिक, मौत से पहले मासूम ने टूटी आवाजों में परिजनों को आरोपी का नाम बताया था। बताया जाता है कि बच्चा आरोपी युवक को ‘चाचा’ कहकर पुकारता था। डॉक्टरों ने भी प्राथमिक जांच में ही कुकर्म की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित कर दिया था।
स्मैक का आदी था आरोपी
पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में कुकर्म की पुष्टि हुई है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार है, जिसके आधार पर तत्काल हत्या और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी स्मैक का आदी है और अक्सर नशे की हालत में घूमता रहता है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गांव का होने के नाते मासूम उस पर भरोसा करता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले से ही इस घिनौनी वारदात की योजना बनाई थी।



