
मुंबई: मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार रात को एक बड़ी अनहोनी टल गई। रात आठ बजे के करीब दो विमानों के विंग आपस में टकरा गए। इस घटना के बाद डीजीसीए की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार एयर इंडिया के प्लेन के विंग से इंडिगो का प्लेन टकराया। इससे दोनों विमानों के विंग को नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 में देरी हुई। यह घटना मुंबई एयरपोर्ट पर ऐसे वक्त पर सामने आई है जब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन क्रैश को लेकर पहले से राजनीति गर्म है। गौरतलब हो कि दिन में महाराष्ट्र की कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई थी।
एयर इंडिया ने बताया क्या हुआ?
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह घटना कैसे हुई? इसकी जांच की जा रही है, हालांकि एयर इंडिया ने इस संबंध में एक बयान जारी किया है। इसमें एयर इंडिया ने कहा है कि 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 में देरी हुई, क्योंकि टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर इंतज़ार करते समय यह फ्लाइट दूसरे एयरलाइन के एयरक्राफ्ट से टकरा गई। दोनों एयरक्राफ्ट के विंगटिप्स आपस में टकरा गए, जिससे हमारे एयरक्राफ्ट के विंगटिप को नुकसान हुआ।
विमान को उड़ान से हटाया गया
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार एहतियात के तौर पर एयरक्राफ्ट को आगे की टेक्निकल जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है, और हमारी ग्राउंड टीमें उन्हें जल्द से जल्द उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम कर रही हैं। इस घटना की जानकारी रेगुलेटर को दे दी गई है। प्रवक्ता ने कहा है कि एयर इंडिया को इस घटना के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
इंडिगो ने घटना पर क्या कहा?
मुंबई एयरपोर्ट की घटना पर इंडिगो ने भी बयान जारी किया है। इसमें विमानन कंपनी ने प्रवक्ता के हवाले कहा है कि हम पुष्टि करते हैं कि 3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली हमारी एक फ्लाइट 6E 791 का विंगटिप लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के एक एयरक्राफ्ट के संपर्क में आ गया। सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं। पार्किंग के बाद उन्हें उतार दिया गया। एयरक्राफ्ट का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन चल रहा है। प्रवक्ता ने आगे कहा है कि तय प्रोटोकॉल के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया और मामले की जांच की जा रही है। इंडिगो में हमारे कस्टमर, क्रू और एयरक्राफ्ट की सेफ्टी हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।






