
जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगरहा मोहल्ला में एक धार्मिक स्थल पर हुई आपत्तिजनक घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. आरोप है कि एक विशेष समुदाय के युवक ने भगवान शिव की पिंडी और मंदिर परिसर में अशोभनीय कृत्य किया, जिससे स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक सक्रिय हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में युवक को आपत्तिजनक हरकत करते हुए लोगों ने देख लिया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और गुस्से में उसकी जमकर धुनाई कर डाली. हालात बिगड़ते देख हिंदू संगठन के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान काजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद रिजवान उर्फ रिज्जु भूरा के रूप में बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गढ़ा थाने पहुंच गए. थाना परिसर में जमकर नारेबाजी हुई और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. संगठनों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं और समाज में तनाव पैदा करती हैं.
क्या बोले विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री?
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राकेश कुमार सिंह ने Tv9 भारतवर्ष को बताया- हम थाने इसलिए आए हैं क्योंकि हमें क्षेत्रीय जनों के माध्यम से विश्व हिंदू परिषद को सूचना मिली थी कि वहां एक पुराना मंदिर है, जो सन 1963 में बना हुआ है. उस मंदिर में किसी असामाजिक तत्व द्वारा मंदिर में शंकर जी की पिंडी पर टॉयलेट किए जाने की जानकारी मिली. बाद में पता चला कि उक्त कृत्य मोहम्मद रिजवान नाम के युवक द्वारा किया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी घटना का विरोध दर्ज कराने हम लोग थाने आए हुए हैं. इस संबंध में प्रशासन को तुरंत जानकारी दी गई, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. बताया गया है कि वह युवक फिलहाल हिरासत में ले लिया गया है.
भगवान शिव की पिंडी पर पेशाब
मंदिर को लेकर हिंदूवादी संगठन का कहना है कि यह मंदिर बंद नहीं है, बल्कि खुला हुआ है. एक चबूतरे के ऊपर भगवान शंकर जी की पिंडी स्थापित है और उसी पिंडी के ऊपर यह कृत्य किया गया है. क्षेत्र के लोगों ने हमें इसकी जानकारी दी है. कुछ लोगों ने आरोपी को प्रत्यक्ष रूप से देखा भी है. उन्हीं के आधार पर यहाँ एफआईआर दर्ज कराई गई है. प्रथम दृष्टया यह घटना धार्मिक भावनाएँ भड़काने और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से की गई प्रतीत होती है. हमारा क्षेत्र शांतिपूर्ण है और इस तरह की हरकत का मकसद साफ तौर पर तनाव पैदा करना ही लगता है.

कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में गाय के कुछ टुकड़े मिलने की सूचना भी सामने आई थी, जिसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी और उस पर भी तुरंत कार्रवाई की गई थी. इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए प्रशासन से हमारी मांग है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए. इसके साथ ही हिंदूवादी संगठनों की मांग है कि इस मामले में उचित और कड़ी कार्रवाई की जाए. प्रशासन से हमें आश्वासन मिला है कि सख्त कदम उठाए जाएंगे. कल दोपहर करीब 12 बजे मंदिर में सभी को सूचना देकर एकत्रीकरण किया जाएगा और मंदिर शुद्धिकरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
आरोपी के खिलाफ FIR
वहीं, पूरे मामले में गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने Tv9 को बताया- क्षेत्र में एक मोहल्ला है, जहां एक खाली पड़ा हुआ ग्राउंड है. इस ग्राउंड पर एक प्राचीन चबूतरे पर शिवलिंग स्थित है, जहां आसपास के हिंदू समाज के लोगों द्वारा नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जाती है. इस स्थान से लोगों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं. आज रात लगभग सवा नौ बजे के करीब मोहल्ले के रहने वाले एक आरोपी, जिसका नाम मोहम्मद रिजान उर्फ़ रिज़ू बताया जा रहा है, द्वारा उक्त शिवलिंग को अपवित्र करते हुए उस पर पेशाब किए जाने की घटना सामने आई है. चूंकि उक्त स्थान से हिंदू धर्म की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं, इसलिए बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौके पर एकत्रित हो गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1)(B), 298 एवं 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल, सिंगरहा मोहल्ला और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की जा रही है.
अलर्ट मोड पर प्रशासन
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने थाने में ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने का साहस न करे. वही, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. घटना के बाद हिंदू संगठनों ने घोषणा की है कि कल दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम को लेकर भी पुलिस प्रशासन सतर्क है और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.



