Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी से एक रूह कंपा देने वाली दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां छछूआ उत्तरवारी टोल के रहने वाले अनिल कुमार साह का 6 वर्षीय बेटा अधिकांश कुमार पिछले 21 दिनों से लापता था. कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इतने दिनों तक मौत से जूझता रहा, लेकिन किसी को उसकी भनक तक नहीं लगी. जब मासूम का शव घर के पास ही एक तालाब से बरामद हुआ, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया.

मासूम के लापता होने के बाद इस पीड़ित परिवार के साथ जो हुआ, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. बच्चे के गायब होने के तीसरे ही दिन साइबर ठगों ने मातापिता की लाचारी का फायदा उठाया. ठगों ने पिता को फोन कर धमकी दी कि बच्चा उनके पास है और अगर उसे जिंदा देखना चाहते हैं, तो 30 हजार रुपये भेजें. बेटे की जान बचाने के लिए बेबस पिता ने कर्ज लेकर ठगों के बताए अकाउंट में रकम ट्रांसफर कर दी. लेकिन ठगों ने पैसे ऐंठने के बाद भी बच्चा नहीं लौटाया.

21 दिनों तक दरवाजे पर टकटकी लगाए बैठे मातापिता को आखिरकार अपने लाडले की सिर्फ लाश ही नसीब हुई. सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मधुबनी सदर अस्पताल भेजा, लेकिन शव की अत्यधिक खराब स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए उसे डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया.

पीड़ित परिवार की मांग

रोतेबिलखते परिजनों ने कहा कि ठगों ने झूठा झांसा देकर उनका सब कुछ लूट लिया. वहीं, स्थानीय जिला पार्षद के पति मोहम्मद अशरफ ने इसे इंसानियत का कत्ल बताते हुए प्रशासन से ठगों के इस हैवान गिरोह को तुरंत गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा देने की मांग की है. पुलिस फिलहाल हत्या और साइबर फ्रॉड, दोनों एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है.