शाम के समय अक्सर हल्की भूख लगती है. ऐसे में कई लोग चाय के साथ तलेभुने या पैकेट वाले स्नैक्स खाना पसंद करते हैं. हालांकि, इनमें ज्यादा नमक, तेल और कैलोरी हो सकती है, जो सेहत के लिए अच्छा विकल्प नहीं माने जाते. इसलिए शाम की भूख मिटाने के लिए ऐसा स्नैक चुनना बेहतर होता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ पोषण भी दे. मखाना ऐसा ही एक हल्का और हेल्दी विकल्प है, जिससे मिनटों में कई तरह के टेस्टी स्नैक्स तैयार किए जा सकते हैं.

मखाना , फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसे खाने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है, हड्डियों को मजबूती मिल सकती है और शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता है. यही वजह है कि इसे हेल्दी स्नैक के तौर पर पसंद किया जाता है. चाय के साथ मखाने से बने स्नैक्स स्वाद और सेहत, दोनों का अच्छा मेल हो सकते हैं. आइए जानते हैं मखाने से कौनसे टेस्टी ईवनिंग स्नैक्स बनाए जा सकते हैं और इन्हें बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
मखाने से बनाएं ये 4 टेस्टी ईवनिंग स्नैक्स
मसाला रोस्टेड मखाना
एक पैन में थोड़ा घी या तेल गर्म करें और मखानों को हल्की आंच पर कुरकुरा होने तक भून लें. फिर इसमें काला नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा भुना जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लें. यह हल्का, कुरकुरा और चाय के साथ खाने के लिए बढ़िया स्नैक है.
मखाना चाट
भुने हुए मखानों में बारीक कटा प्याज, टमाटर, खीरा, हरा धनिया, नींबू का रस, काला नमक और चाट मसाला मिलाएं. चाहें तो अनार के दाने भी डाल सकते हैं. यह चाट स्वादिष्ट होने के साथ फाइबर और दूसरे पोषक तत्व भी देती है.
मखाना टिक्की
उबले आलू और हल्के कुटे हुए मखानों को मिलाकर इसमें हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक और मसाले डालें. छोटीछोटी टिक्कियां बनाकर तवे पर हल्का सेंक लें. यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम होती है, जिसे हरी चटनी के साथ खाया जा सकता है.
मखाना कटलेट
मखानों को हल्का कूट लें और इसमें उबले आलू, गाजर, मटर, हरी मिर्च, धनिया और मसाले मिलाकर कटलेट तैयार करें. इन्हें तवे पर थोड़ा तेल डालकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. यह हेल्दी और स्वादिष्ट ईवनिंग स्नैक बन जाता है.
मखाने के स्नैक्स बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
मखानों को हमेशा धीमी आंच पर भूनें, ताकि वे अच्छी तरह कुरकुरे हो जाएं और जलें नहीं. स्वाद बढ़ाने के लिए बहुत ज्यादा नमक, तेल या मसालों का इस्तेमाल करने से बचें. अगर टिक्की या कटलेट बना रहे हैं, तो ज्यादा तेल में तलने की बजाय तवे पर हल्का सेंकना बेहतर रहेगा.
ताजी सब्जियां मिलाने से स्नैक और पौष्टिक बन सकता है. अगर किसी मसाले या खाने की चीज से एलर्जी है, तो उसे शामिल न करें. मखानों को एयरटाइट डिब्बे में रखें, ताकि उनकी कुरकुराहट लंबे समय तक बनी रहे.



