बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी भरना आम बात है, लेकिन ऐसे हालात में कार का अचानक बंद हो जाना बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है. कई बार लोग घबराहट में ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिससे कार के इंजन और दूसरे पार्ट्स को भारी नुकसान पहुंच सकता है. अगर आपकी कार भी पानी में फंसकर बंद हो जाए, तो इन जरूरी बातों का ध्यान रखें.

कार को बारबार स्टार्ट करने की कोशिश न करें

अगर में जाने के बाद कार बंद हो गई है, तो उसे दोबारा स्टार्ट करने की गलती न करें. ऐसा करने से पानी एयर फिल्टर या एग्जॉस्ट के रास्ते इंजन के अंदर पहुंच सकता है. इससे इंजन लॉक हो सकता है, जिसे हाइड्रोलॉक कहा जाता है. इस स्थिति में इंजन को ठीक कराने में काफी ज्यादा खर्च आ सकता है.

तुरंत इग्निशन बंद कर दें

बंद होने के बाद सबसे पहले इग्निशन ऑफ कर दें और चाबी निकाल लें. इससे कार के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, सेंसर और अन्य जरूरी पार्ट्स को शॉर्ट सर्किट से बचाया जा सकता है. अगर पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा हो, तो समय रहते खिड़कियां खोल लें ताकि जरूरत पड़ने पर बाहर निकलना आसान हो.

पानी बढ़ने पर तुरंत बाहर निकलें

अगर कार के आसपास पानी लगातार बढ़ रहा है, तो अंदर बैठे रहने का जोखिम न लें. जल्द से जल्द सुरक्षित जगह पर पहुंचने की कोशिश करें. कई बार पानी के दबाव के कारण कार के दरवाजे नहीं खुलते हैं। ऐसी स्थिति में खिड़की से बाहर निकलें और किसी ऊंची व सुरक्षित जगह पर चले जाएं.

कार को सुरक्षित जगह ले जाएं

अगर पानी का बहाव तेज नहीं है और स्थिति सुरक्षित लग रही है, तो कार को न्यूट्रल गियर में डालकर धीरेधीरे धक्का देकर कम पानी वाली जगह पर ले जा सकते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद किसी भरोसेमंद मैकेनिक से संपर्क करें और गाड़ी की जांच करवाएं.

टोइंग और इंश्योरेंस की मदद लें

अगर कार पानी से बाहर नहीं निकल पा रही है, तो जबरदस्ती चलाने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में टो ट्रक की मदद लें. साथ ही, अपनी इंश्योरेंस कंपनी को घटना की जानकारी दें. इसके बाद मैकेनिक से कार की जांच करवाएं और बिना जांच के इंजन स्टार्ट न करें.

इंजन में पानी जाने के संकेत पहचानें

अगर डिपस्टिक निकालने पर इंजन ऑयल में पानी की बूंदें या सफेद झाग दिखाई दे, तो यह संकेत हो सकता है कि इंजन में पानी पहुंच चुका है. ऐसे में पहले मैकेनिक से स्पार्क प्लग या इंजेक्टर की जांच करवाएं और पानी पूरी तरह निकलवाने के बाद ही कार को दोबारा स्टार्ट करें.बारिश में थोड़ी सावधानी बरतकर आप अपनी कार को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं और महंगी मरम्मत के खर्च से भी राहत पा सकते हैं.