Raid At Bus Driver’s House: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान किसी फिल्मी सीन जैसा नजारा देखने को मिला. पुलिस ने एक पूर्व सरकारी बस चालक के सामान्य से दिखने वाले घर पर दबिश दी. यहां से 20 करोड़ नकद और 15 किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए गए हैं. रकम इतनी ज्यादा थी कि गिनती के लिए मंगवाई गई 5 नोट गिनने वाली मशीनें भी जवाब दे गईं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने जिस घर पर छापा मारा, वो पूर्व सरकारी बस ड्राइवर मीनार मंडल का है.

जब पुलिस टीम घर के भीतर दाखिल हुई, तो वहां 35 बोरियों में भरकर रखा गया काला धन और 15 किलो सोने के बिस्कुट देखकर अधिकारी दंग रह गए. जब्त नकदी और सोने को सुरक्षित ले जाने के लिए पुलिस को लोहे के 5 बड़े ट्रंक मंगाने पड़े. 5 मशीनों की मदद से कई घंटों तक नोटों की गिनती चलती रही, लेकिन भारी रकम के कारण मशीनों ने काम करना बंद कर दिया.

पत्थर खदान कारोबारी से जुड़े हैं तार

पुलिस की शुरुआती जांच में इस अवैध संपत्ति का कनेक्शन माइनिंग से जुड़ता दिख रहा है. आरोपी मीनार मंडल बीरभूम इलाके के बड़े पत्थर खदान कारोबारी तुलु मंडल की पत्नी का भाई है. पुलिस को अंदेशा है कि यह पूरा काला धन अवैध खनन कारोबार और लेनदेन से जुड़ा हो सकता है. पुलिस ने पूरी संपत्ति जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ वित्तीय अपराध व अवैध संपत्ति से जुड़े मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.