विपक्षी गठबंधन इंडिया ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. विपक्ष की तरफ से आरोप लगाया गया कि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पास सत्ता बनाए रखने तथा लोकतंत्र को खत्म करने के मकसद से ये विधेयक ला रही है.

इसमें यह भी कहा कि ये विधेयक अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों के खिलाफ हैं तथा इनका पुरजोर विरोध किया जाएगा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने घर पर आयोजित विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं की की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा सत्ता को अपने हाथ में केंद्रित रखने की है और इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होगी.

वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील की है कि वो राजनीति को दूसरी तरफ रखें.

‘SC/ST के हितों को नहीं रखा ध्यान में’

खरगे ने कहा कि संविधान में आरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ने पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी उसी अनुपात में वृद्धि होनी चाहिए थी, लेकिन प्रस्तावित विधेयकों में इन वर्गों के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर ताजा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन किया जाता है तो एससी और एसटी समुदायों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती और इन वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व देने से बच रही है.

मुख्य निर्वाचन आयुक्त और परिसीमन प्रक्रिया पर आरोप

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में निष्पक्ष परिसीमन की उम्मीद नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा, ज्ञानेश कुमार तो “अपराधी की श्रेणी में” आते हैं. उन्होंने असम और जम्मूकश्मीर में हुए परिसीमन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय कर सकती है. उनके मुताबिक, सामान्य सीटों को आरक्षित और आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदलने की आशंका भी है.

खरगे ने मतदाता सूची से 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटाए जाने का दावा करते हुए कहा कि अब परिसीमन की जिम्मेदारी भी ज्ञानेश कुमार के हाथों में दी जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर सकती है.

‘विपक्षी दलों को तोड़ने और संविधान बदलने की आशंका’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस साल अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में विफल रहने के बाद सरकार ने विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की. खरगे ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना को तोड़ने की कोशिशें भी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तावित विधेयकों से देश को बड़ा नुकसान हो सकता है और लोकतंत्र कमजोर होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सत्ता को अपने नियंत्रण में रखना चाहते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि यदि सरकार को फिर से पर्याप्त बहुमत मिल गया तो संविधान में भी बदलाव किए जा सकते हैं.

‘विधेयक का करेंगे विरोध’

खरगे ने कहा, हम इस संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करेंगे. यह विधेयक एससी और एसटी के हित में नहीं है और लोकतंत्र को खत्म करने की दिशा में उठाया गया कदम है. हम सभी विपक्षी दल मिलकर इसका विरोध करेंगे.

इससे पहले, संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं ने शनिवार को खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा की. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रस्तावित विधेयकों के विभिन्न प्रावधानों, उनके संवैधानिक एवं राजनीतिक प्रभावों और संसद में सरकार की पहल का विरोध करने के तरीकों पर विचारविमर्श किया गया.

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए.

दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव किया है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है.

2051 तक सीटों के यथावत रखने का प्रस्ताव

प्रस्ताव में नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने की बात भी कही गई है. सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है. इसी उद्देश्य से संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है. इनमें संविधान विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाने हैं. वहीं, संविधान विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा. इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित कानूनों में आवश्यक बदलाव के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा.

किरेन रिजिजू ने क्या कहा?

परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “अगर लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैंतो फिर मैं कांग्रेस पार्टी के बारे में क्या ही कहूं? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने कभी लोकतंत्र में विश्वास नहीं किया है. हम तो खुद लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए समर्थन मांग रहे हैंवरना हम यह विधेयक लाते ही क्यों? हम तो इसे सीधे पास भी करवा सकते थे. सभी को यह समझना चाहिए कि हम एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए इस विधेयक को पारित कराने की अपील कर रहे हैं. इसलिए, इसे बिल्कुल भी राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. मैं विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी से अपील करता हूं कि वे राजनीति को एक तरफ रखें. मुझे कभी समझ नहीं आया कि कांग्रेस महिलाओं को 33% आरक्षण देने और साथ ही विधायकों व सांसदों की संख्या बढ़ाने का विरोध क्यों करती है. अगर हम अपने देश की महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं और विधायकों व सांसदों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो कांग्रेस को इस पर आपत्ति क्यों है?”

‘हर पहलू के लोगों को शामिल किया गया है’

रिजिजू ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद, कांग्रेस पार्टी को भी अपना पुराना रुख और पुरानी सोच बदल लेनी चाहिए… मैं कांग्रेस पार्टी और उन कुछ अन्य लोगों से भी, जो कांग्रेस के कहने पर इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं. यह आग्रह करता हूं कि वे राजनीति को एक तरफ रखें और संसद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करें, ताकि यह विधेयक पारित हो सके…”

उन्होंने कहा, “परिसीमन विधेयक, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देना और जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है, अब पूरी तरह स्पष्ट हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की वकालत करते हुए और लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रस्ताव रखकर—हर राज्य की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए. पूरे देश को एक संदेश दिया है. यदि कोई इस पहल का विरोध करता है, तो पूरा देश न केवल महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेगा. इससे बेहतर कोई विधेयक या प्रावधान नहीं हो सकता. इसमें हर पहलू को शामिल किया गया है चाहे वह हर राज्य और हर समुदाय के हित हों और साथ ही जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है.”