शरद पवार को उन नेताओं में गिना जाता है, जो अपने फैसलों से आखिरी समय तक चौंकाते रहे हैं. कभी कांग्रेस से बगावत करके मुख्यमंत्री बने, तो कभी सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर अपनी अलग पार्टी बना ली. 2019 में सुबहसुबह भतीजे अजित पवार के साथ BJP की सरकार बनवाने का घटनाक्रम हो या 2023 में नागालैंड में BJP के साथ गठबंधन को मंजूरी देना, पवार के कई फैसलों ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए.

अब उनकी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी NCPSP के परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करने के दावे ने कांग्रेस को नाराज कर दिया है. पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड के मुताबिक, शरद पवार से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया. महाराष्ट्र कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा चुनाव में पवार को दिए गए अपने समर्थन की याद दिलाई है.
कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से पिता के लिए समर्थन मांगा था. तब NCPSP के 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा सीट के लिए 36 वोट जरूरी थे. महाविकास अघाड़ी ने पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. लेकिन यह पहली बार नहीं है, जब पवार के किसी फैसले ने सहयोगियों को हैरान किया हो. उनके राजनीतिक सफर के पांच बड़े घटनाक्रम समझते हैं.
1. 1978: कांग्रेस से बगावत कर CM बने
वसंतदादा पाटिल सरकार में मंत्री रहे पवार ने 1978 में कांग्रेस के करीब 40 विधायकों के साथ पार्टी छोड़ दी. जनता पार्टी और अन्य दलों के साथ प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक फ्रंट बनाया. 18 जुलाई 1978 को करीब 38 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने. वह महाराष्ट्र के सबसे युवा CM थे. जनवरी 1980 में इंदिरा गांधी की सत्ता में वापसी के बाद सरकार बर्खास्त हुई. 1986 में पवार कांग्रेस में लौट आए.
2. 1999: सोनिया गांधी का विरोध कर NCP बनाई
1999 में पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने सोनिया गांधी का विरोध किया. उन्होंने विदेशी मूल के व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने पर सवाल उठाया. विवाद के बाद तीनों को पार्टी से निकाल दिया गया. 10 जून 1999 को पवार ने NCP बनाई. उसी साल महाराष्ट्र चुनाव के बाद कांग्रेस के साथ सरकार बनाई. NCP को 58 और कांग्रेस को 75 सीटें मिली थीं. दोनों ने मिलकर सरकार बनाई.
3. 2019: उद्धव ठाकरे को CM बनाने पर सहमति दी
नवंबर 2019 में महाराष्ट्र में ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने पूरे देश को चौंका दिया. विधानसभा चुनाव के बाद BJP और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद शिवसेना, कांग्रेस और NCP ने मिलकर सरकार बनाने की बातचीत शुरू की. 22 नवंबर की शाम शरद पवार ने उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति बनने की बात कही.
लेकिन 23 नवंबर की सुबह अचानक देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और अजित पवार ने डिप्टी CM पद की शपथ ले ली. अजित पवार ने NCP के विधायकों के समर्थन का दावा किया था. इस घटनाक्रम से विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका लगा. हालांकि, शरद पवार ने अजित के इस कदम को पार्टी का फैसला नहीं बताया.
सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा में बहुमत परीक्षण कराने का आदेश दिया. इसके बाद अजित पवार ने डिप्टी CM पद से इस्तीफा दे दिया और 26 नवंबर को फडणवीस सरकार गिर गई. यह सरकार महज तीन दिन चली. इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना, NCP और कांग्रेस की महाविकास अघाड़ी सरकार बनी.
4. 2019: बारिश में भाषण देकर माहौल बदला
18 अक्टूबर 2019 को सतारा की चुनावी रैली में तेज बारिश के बावजूद पवार ने छाता नहीं लिया और भाषण जारी रखा. उन्होंने कहा कि बारिश के देवता ने NCP को आशीर्वाद दिया है. वीडियो वायरल हुआ. 21 अक्टूबर के चुनाव में NCP ने 54 सीटें जीतीं, जबकि 2014 में 41 मिली थीं. सतारा लोकसभा उपचुनाव में NCP के श्रीनिवास पाटिल ने BJP के उदयनराजे भोसले को 87,717 वोटों से हराया.
5. 2023: नागालैंड में समर्थन, फिर इस्तीफे का ऐलान
मार्च 2023 में पवार ने एक और ऐसा फैसला लिया, जिसने विपक्षी दलों को असहज कर दिया. उनकी पार्टी ने नागालैंड में BJP और नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की सरकार को समर्थन देने का फैसला किया. नागालैंड विधानसभा चुनाव में NCP के सात विधायक जीते थे. पवार ने कहा कि पार्टी ने मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ पहले से समझ बनाई थी और उनका समर्थन BJP के बजाय NDPP को था. हालांकि, सरकार में BJP भी शामिल थी.
इसके करीब दो महीने बाद 2 मई 2023 को पवार ने NCP अध्यक्ष पद छोड़ने का ऐलान कर दिया. उन्होंने अपनी आत्मकथा ‘लोक माझे संगाती’ के विमोचन कार्यक्रम में यह घोषणा की. उनके इस फैसले से पार्टी में हलचल मच गई. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद 5 मई को पार्टी की 18 सदस्यीय समिति ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया और पवार ने अपना फैसला वापस ले लिया.
शरद पावर और सुप्रिया सुले ने 7 जुलाई को PM मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी.
परिसीमन पर समर्थन से फिर चर्चा में पवार
अब परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को समर्थन देने के दावे ने एक बार फिर पवार की राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस का कहना है कि उसने राज्यसभा चुनाव में पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था, लेकिन अब उनकी पार्टी का फैसला विपक्षी एकता के खिलाफ है. हालांकि, पवार के पुराने फैसलों को देखें तो उनका राजनीतिक इतिहास गठबंधन बदलने, अलगअलग दलों के साथ काम करने और परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाने का रहा है. यही वजह है कि उनके फैसले अक्सर सहयोगियों और विरोधियों दोनों को चौंकाते रहे हैं.



