उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने भोजपुरी भाषी पूर्वांचल में अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक पहुंच मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी में पांच नए सदस्यों को नामित किया है. इनमें एक उपाध्यक्ष और चार सदस्य शामिल हैं. इन नियुक्तियों को चुनाव से पहले भोजपुरी बेल्ट को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्रभुनाथ राय को भोजपुरी अकादमी का उपाध्यक्ष नामित किया गया है. वहीं, सीता मिश्रा, कृष्ण कुमार सिंह, अशोक जायसवाल और डॉ. फूलचंद्र गुप्ता को अकादमी का सदस्य बनाया गया है. अकादमी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं.

किसे मिली अकादमी में जगह?

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी प्रभुनाथ राय को अकादमी का उपाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा वाराणसी की सीता मिश्रा, प्रतापगढ़ के कृष्ण कुमार सिंह, महाराजगंज के अशोक जायसवाल और गोरखपुर के डॉ. फूलचंद्र गुप्ता को सदस्य के रूप में नामित किया गया है.

इन नियुक्तियों में पूर्वांचल के अलगअलग जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. खास बात यह है कि नामित सदस्यों का संबंध भोजपुरी भाषी क्षेत्र से है. आदेश प्रमुख सचिव मनीष चौहान की ओर से जारी किया गया है.

एक साल का होगा कार्यकाल

आदेश के मुताबिक, नामित उपाध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा. हालांकि, शासन चाहे तो इस अवधि से पहले भी उनका नामांकन समाप्त कर सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यानी इन सभी सदस्यों को फिलहाल एक साल के लिए अकादमी में जिम्मेदारी दी गई है. उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की अहम भूमिका रही है. वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज और प्रतापगढ़ जैसे जिले राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होने के साथ भोजपुरी भाषी क्षेत्र का हिस्सा भी हैं.

ऐसे में चुनाव से पहले इन जिलों से जुड़े लोगों को भोजपुरी अकादमी में जगह देना राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है. भोजपुरी भाषा और संस्कृति का पूर्वांचल में व्यापक प्रभाव है. ऐसे में अकादमी में स्थानीय क्षेत्र से जुड़े चेहरों को प्रतिनिधित्व देकर सरकार इस इलाके में अपनी सांस्कृतिक पहुंच मजबूत करने का संदेश दे सकती है. विधानसभा चुनाव से पहले हुई इन नियुक्तियों को इसी नजरिए से देखा जा रहा है.