धर्मशाला। अक्सर हिमाचल प्रदेश में जब सरकार कोई बड़ा फैसला लेती है तो विपक्षी दल उसके खिलाफ मोर्चा खोलते हैंए लेकिन जब सरकार के किसी फैसले पर विपक्ष से पहले अपने ही मंत्री और पार्टी के नेता सवाल उठाने लगें तो मामला महज राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं रहता। कुछ ऐसा ही सियासी घटनाक्रम इन दिनों हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार के सामने नए जिलों के गठन का मुद्दा अब अपनों के विरोध के चलते एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बनता जा रहा है। सरकार की ओर से अभी इस दिशा में अंतिम फैसला लिया जाना बाकी हैए लेकिन मुख्यमंत्री के अपने ही मंत्री और कांग्रेस के प्रभावशाली नेता इस प्रस्ताव पर अलग.अलग राय रखकर सरकार की मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
पहले आरएस बाली ने कांगड़ा जिले के विभाजन को लेकर अपनी असहमति जताईए इसके बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिले के बंटवारे के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि शिमला एक थाए एक है और एक ही रहेगा। अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी कांगड़ा के विभाजन और नए जिलों के गठन के प्रस्ताव पर खुलकर विरोध जता दिया है। उन्होंने न केवल फिलहाल नए जिले बनाने की जरूरत पर सवाल उठाएए बल्कि प्रशासनिक खर्च बढ़ने और विकास कार्यों के बजट में कटौती की आशंका भी जाहिर की है।
सुक्खू सरकार के अपने ही नेता एकमत नहीं
बता दें कि नगरोटा के विधायक आरएस बाली ने कांगड़ा जिले के विभाजन पर सवाल उठाए था। उसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिले का अस्तित्व बरकरार रखने की पैरवी की और अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी कांगड़ा को बांटने के प्रस्ताव का विरोध किया है। खास बात यह है कि ये सभी नेता सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार से जुड़े हैं। ऐसे में नए जिलों के गठन को लेकर सरकार के भीतर एकमत नहीं होने की तस्वीर सामने आ रही है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। विपक्ष को भी सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल सकता है कि जब मुख्यमंत्री के अपने मंत्री ही इस मुद्दे पर सहमत नहीं हैं तो सरकार आखिर किस दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।
यह भी पढें :
चंद्र कुमार का दोटूक संदेश
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने नए जिलों के गठन को लेकर अपनी स्थिति बिल्कुल स्पष्ट कर दी है। उनका कहना है कि वह फिलहाल हिमाचल में नए जिले बनाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने तर्क दिया कि छोटा पहाड़ी राज्य होने के बावजूद यदि जिलों की संख्या बढ़ाई जाती है तो प्रशासनिक ढांचे पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सरकार को नए जिला मुख्यालय, कार्यालय, अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यवस्था करनी होगी। इससे सरकारी खजाने पर खर्च बढ़ेगा और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट प्रभावित हो सकता है।
जनगणना और परिसीमन के बाद ही हो फैसला
चंद्र कुमार ने नए जिलों के गठन को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू की सरकार को एक अहम सुझाव भी दिया है। उनका कहना है कि इस तरह का बड़ा प्रशासनिक फैसला जनगणना पूरी होने और परिसीमन की प्रक्रिया के साथ ही लिया जाना चाहिए। यदि नए जिलों के गठन में जनसंख्या को आधार बनाया जाना है तो पहले जनगणना के वास्तविक आंकड़े सामने आने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए जिलों को लेकर धर्म सिंह चौधरी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। ऐसे में जल्दबाजी करने के बजाय कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।
कांगड़ा की सियासी ताकत का भी कराया अहसास
चंद्र कुमार ने कांगड़ा जिले के राजनीतिक महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है और विधानसभा में यहां से बड़ी संख्या में विधायक चुनकर आते हैं। प्रदेश की सत्ता का रास्ता काफी हद तक कांगड़ा के राजनीतिक समर्थन से होकर गुजरता है। जिस राजनीतिक दल को कांगड़ा में बेहतर समर्थन मिलता है, उसके लिए सरकार बनाने की राह आसान हो जाती है। वहीं, इस जिले में कमजोर प्रदर्शन करने वाली पार्टी के लिए सत्ता तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में कांगड़ा के विभाजन का मुद्दा केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण बन जाता है।
विक्रमादित्य पहले ही शिमला के विभाजन पर लगा चुके हैं ब्रेक
कांगड़ा के साथ-साथ शिमला जिले के विभाजन को लेकर भी कांग्रेस सरकार के भीतर विरोध सामने आ चुका है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने साफ कहा है कि शिमला जिला एक था, एक है और एक ही रहेगा। उन्होंने जिले के विभाजन के विचार का विरोध करते हुए कहा कि शिमला की भौगोलिक परिस्थितियों, पहाड़ी बनावट, सड़क संपर्क और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर ही कोई निर्णय लिया जाना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह के अनुसार नए जिलों के गठन को लेकर गठित आयोग सभी पहलुओं का अध्ययन करेगा और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आरएस बाली भी कांगड़ा को बांटने के पक्ष में नहीं
नए जिलों के गठन को लेकर कांगड़ा की राजनीति में आरएस बाली का विरोध भी पहले ही सामने आ चुका है। उन्होंने कांगड़ा जिले के विभाजन को लेकर अपनी असहमति जाहिर की थी। अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार के भी इसी मुद्दे पर मुखर होने से कांगड़ा के विभाजन के खिलाफ कांग्रेस के भीतर विरोध और मजबूत होता नजर आ रहा है।
चंद्र कुमार ने गिनाए तर्क
चंद्र कुमार ने नए जिलों के गठन के विरोध में प्रदेश की बदली हुई परिस्थितियों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पहले परिवहन और सड़क सुविधाएं सीमित थीं। कई दूरदराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालय पहुंचने में दो से तीन दिन लग जाते थे और लोगों को रात भी वहीं रुकना पड़ता था। लेकिन अब सड़क नेटवर्क में काफी सुधार हुआ है। लोग एक ही दिन में जिला मुख्यालय पहुंचकर अपना काम करवाने के बाद वापस घर लौट सकते हैं।
अब कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
हिमाचल में नए जिलों के गठन को लेकर गठित कमेटी की रिपोर्ट अब बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। सरकार के सामने एक तरफ नए जिलों की मांग करने वाले क्षेत्रों की उम्मीदें हैं तो दूसरी तरफ अपने ही मंत्रियों और नेताओं का विरोध है। कांगड़ा और शिमला जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिलों के विभाजन पर सत्तारूढ़ दल के भीतर सहमति बनाना आसान नहीं दिख रहा। मुख्यमंत्री सुक्खू के लिए चुनौती केवल प्रशासनिक जरूरतों का आकलन करना नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के नेताओं को एक राय पर लाना भी होगी।



