बिहार के कटिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया. ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के ठिकानों पर विजिंलेस की टीम ने एक साथ छापेमारी की. कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला चौक स्थित उनके किराए के मकान में करीब छह घंटे तक जांच चली. खास बात यह रही कि छापेमारी के दौरान इंजीनियर अजीत कुमार दास खुद मकान में मौजूद थे.

जानकारी के अनुसार अजीत कुमार दास मूल रूप से भागलपुर जिले के नौगछिया स्थित श्रीगांव के रहने वाले हैं. वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर है.
जमीन के कई डीड और कागजात बरामद
कटिहार में वह गौशाला चौक के समीप मकान में किराए पर रहते हैं. विजिलेंस की टीम इसी मकान में जांच करने पहुंची थी. छापेमारी के दौरान निगरानी अधिकारियों को जमीन से संबंधित कई डीड और अन्य कागजात मिले हैं. विजिलेंस डीएसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद दस्तावेजों को मूल्यांकन के लिए भेजा जा रहा है. जमीन की कीमत और संपत्ति के वास्तविक मूल्य का आकलन होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा मामला
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे निगरानी विभाग के सीनियर डीएसपी ने बताया कि यह मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है. टीम में कुल छह सदस्य शामिल थे. उन्होंने कहा कि मकान से मिले जमीन के दस्तावेजों के अलावा अन्य सामानों की भी जांच की जा रही है. अनुसंधान पूरा होने के बाद बरामदगी और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का आकलन
फिलहाल विजिलेंस की जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का आकलन किया जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंजीनियर की कुल संपत्ति कितनी है और उनकी ज्ञात आय के मुकाबले यह कितनी अधिक है. इसका खुलासा निगरानी विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही होगा.



