चंबा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामला चंबा जिले से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब लोग शादी समारोह के रिसेप्शन से लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

तेज रफ्तार बाइक ने तीन लोगों को मारी टक्कर 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के पठानकोट-चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर परेल के पास पेश आया है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस को दिए बयान में करियां निवासी अजय कुमार पुत्र रमेश ने बताया कि 23 नवंबर को परेल के शिव शक्ति पैलेस में उसकी पत्नी की बहन अंकिता की शादी का रिसेप्शन था।

 

 

इसमें शामिल होने के लिए उसका परिवार भी पहुंचा था। रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच जब वह परिवार के सदस्यों को लेने पैलेस पहुंचा और नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी अपनी गाड़ी में उन्हें बैठा रहा था, तभी चंबा से तड़ोली की तरफ जा रही तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी।

हादसे में ससुर समेत तीन लोग आए चपेट में

इस हादसे में अजय कुमार के ससुर रामानंद सागर, साला कृतिश शर्मा और पड़ोसी दमन चौणा पुत्र टेक चंद निवासी शक्तिदेहरा, डाकघर सिढ़कुंड घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे एक-दो अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया।

 

टांडा मेडिकल कॉलेज में घायल बुजुर्ग ने तोड़ा दम

अस्पताल में गंभीर रूप से घायल रामानंद सागर को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।