Betul News: मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी पूर्व सिविल जज प्रखर जैन ने सांसरिक मोह त्यागकर संन्यास और वैराग्य का मार्ग अपना लिया है. लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ीं और न्यायिक सेवा में चयन के बाद भोपाल में पहली पोस्टिंग पाने वालीं प्रखर जैन ने महज छह महीने बाद न्यायाधीश पद से इस्तीफा दे दिया. बताया जा रहा है कि अदालत में लगातार सामने आ रहे तलाक के मामलों और टूटते रिश्तों को देखकर जीवन व आत्मकल्याण को लेकर उनके विचारों में गहरा बदलाव आया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रविवार को सोनागिर में आयोजित तीन दिवसीय दीक्षार्थी महोत्सव के समापन पर उन्होंने दीक्षा ली और अब वह आर्यिका 105 सुवेधा श्री के नाम से जानी जाएंगी.

जानकारी के मुताबिक, बैतूल की प्रखर जैन का बचपन से और उनके पिता का भी सपना था कि वो न्यायाधीश बनें. न्यायिक सेवा में चयन के बाद भोपाल में पहली पोस्टिंग के दौरान करीब छह महीने तक उन्होंने सिविल जज के रूप में कार्य किया. इस अवधि में अदालत में आए तलाक और पारिवारिक विवादों के मामलों, जहां जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाने वाले दंपति अलग होते दिख रहे थे. इन सब ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया.
इस्तीफे के बाद परिवार ने स्वीकार किया फैसला
लगातार ऐसे मामलों को देखने के बाद प्रखर जैन ने जीवन और आत्मकल्याण की दिशा में विचार करते हुए संन्यास लेने का निर्णय लिया और छह महीने की नौकरी के बाद पद से इस्तीफा दे दिया. परिजनों ने भी उनके इस आध्यात्मिक फैसले को सहर्ष स्वीकार कर लिया.
सोनागिर में ली दीक्षा, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से की है पढ़ाई
रविवार को सोनागिर में तीन दिवसीय दीक्षार्थी महोत्सव के समापन पर प्रखर जैन ने दीक्षा ग्रहण की और जैन साध्वी बन गईं. दीक्षा के साथ ही उन्हें आर्यिका 105 सुवेधा श्री का नया नाम मिला. इस महोत्सव में उनके साथ अन्य महिलाओं ने भी दीक्षा ली, जिनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट , पेंटिंग आर्टिस्ट और समाजसेवी शामिल हैं.
प्रखर जैन पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं; शुरुआती स्कूलिंग भोपाल से करने के बाद उन्होंने अहमदाबाद से एलएलबी और फिर लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की. दीक्षा से पहले नवंबर की शुरुआत में बैतूल में उनकी बिनौली निकाली गई थी, जिसके लिए उदयपुर से बैंड मंगवाया गया था. अब दीक्षा लेने के बाद वह श्वेत वस्त्रों में संयम और वैराग्य के मार्ग पर अग्रसर हैं.



