एक साल पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नागालैंड के दूरदराज पहाड़ी जिले किफिरे के दौरे पर थीं. वहां उनकी मुलाकात स्थानीय स्वयं सहायता समूह की आदिवासी महिलाओं से हुई. इन्हीं में एक थीं एस्थर. एक लखपति दीदी, जो पूरे आत्मविश्वास से बता रही थीं कि उनके मोटे अनाज से बने उत्पाद अब ऑनलाइन बिक रहे हैं और नागालैंड के बाहर दूरदूर तक ग्राहकों के पास पहुंच रहे हैं. वित्त मंत्री ने तब इन महिलाओं से बड़े सपने देखने को कहा था ताकि वे करोड़पति दीदी बन सकें.

पिछले महीने जब वर्ल्ड बैंक ने भारत पर अपनी पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ रिपोर्ट जारी की, तो निर्मला सीतारमण को किफिरे का वो अनुभव फिर याद आ गया. इकोनॉमिक टाइम्स में लिखे एक लेख में उन्होंने इस रिपोर्ट के आंकड़ों का जिक्र किया है. रिपोर्ट बताती है कि 2011 से 2023 के बीच यानी 12 साल में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल आए हैं. देश से अत्यधिक गरीबी लगभग खत्म हो चुकी है. वित्त मंत्री के मुताबिक, ये आंकड़े उसी जमीनी बदलाव की कहानी कहते हैं जिसे उन्होंने खुद देश के दूरदराज हिस्सों में देखा है.
सिर्फ पैसे बांटने से नहीं मिटी गरीबी, एक दशक में बदला तरीका
आजादी के छह दशकों तक देश में गरीबी खत्म करने का वादा अधूरा ही रहा. 2010 के दशक की शुरुआत में भी विदेशों में भारत की छवि एक ऐसे देश की थी जो साफसफाई, पोषण, साफ ईंधन और बैंकिंग जैसी बुनियादी चीजों में पिछड़ा हुआ था. तब ये माना जाता था कि गरीबों के हाथ में सीधे पैसे दे दिए जाएं तो गरीबी अपने आप खत्म हो जाएगी.
निर्मला सीतारमण ने लिखा कि पिछले एक दशक में ये सोच पूरी तरह पलट गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अस्थायी राहत देने के बजाय उन बाधाओं को हटाने का रास्ता चुना जो गरीबी को बनाए रखती हैं. अंत्योदय यानी कतार के आखिरी व्यक्ति के कल्याण के सिद्धांत पर चलते हुए सरकार ने एकएक घर की जरूरतों को पूरा करने पर जोर दिया.
वित्त मंत्री का मानना है कि गरीबी सिर्फ कम कमाई या मजदूरी की कमी नहीं है. अगर किसी परिवार के पास पक्की छत, साफ पानी, शौचालय या इलाज की सुविधा न हो, तो कमाई बढ़ने के बाद भी वो सुरक्षित नहीं रहता. एक बड़ी बीमारी परिवार की सारी बचत खत्म कर उसे फिर गरीबी में धकेल सकती है. इस बदलाव के पीछे कोई जादू की छड़ी नहीं थी. हर योजना के लिए सही लाभार्थी की पहचान की गई और तकनीक से निगरानी रखी गई. खुद प्रधानमंत्री मोदी ने जमीनी स्तर पर अड़चनों को दूर करने के लिए योजनाओं की लगातार समीक्षा की.
घर के अंदर से शुरू हुई सेहत के साथ सम्मान की लड़ाई
कोई भी परिवार तब तक गरीबी से बाहर नहीं निकल सकता जब तक बीमारी और पानी भरने जैसी रोज की मुश्किलें उसे पीछे खींचती रहें. लेख में बताया गया है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत घरघर शौचालय बनने से साफसफाई सुधरी है. इससे हर साल अनुमानित 60 हजार से 70 हजार नवजात शिशुओं की जान बचाने में मदद मिली है.
वहीं जल जीवन मिशन ने ग्रामीण इलाकों में नल से पानी के कनेक्शन को 2019 के करीब 3 करोड़ घरों से बढ़ाकर लगभग 16 करोड़ तक पहुंचा दिया है. इससे महिलाओं और लड़कियों को पानी के लिए मीलों पैदल चलने से छुटकारा मिला और गंदे पानी से होने वाली बीमारियां भी कम हुईं. उज्ज्वला योजना से रसोई धुआं मुक्त हुई, जबकि पीएम आवास योजना ने पक्के घर के साथ सुरक्षा और सम्मान दिया. इसके अलावा आयुष्मान भारत के जरिए अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिली. इन सभी योजनाओं ने मिलकर परिवारों के लिए एक सुरक्षा कवच का काम किया है. इससे घरेलू खर्च घटा और लोगों के पास काम करने के लिए ज्यादा समय बचा.
बैंक खाते से कारोबार तक का सफर, महिलाओं ने संभाली कमान
परिवारों को गरीबी में वापस जाने से बचाने के बाद अगला बड़ा कदम उन्हें कमाई के मौके देना था. करोड़ों लोगों के लिए ये सफर एक बैंक खाते से शुरू हुआ. एक दौर में ये मान लिया गया था कि सरकारी खजाने से भेजे गए एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही आम नागरिक तक पहुंचते हैं. डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी ने इस पुराने सिस्टम को बदल दिया. आज 59 करोड़ से ज्यादा जन धन खातों के जरिए सरकारी मदद बिना किसी बिचौलिए के सीधे लोगों के खातों में पहुंच रही है.
बैंक खाते ने लोगों को बचत की सुरक्षित जगह दी और बैंकिंग रिकॉर्ड बनाया, जिससे लोन मिलना आसान हुआ. दो महीने पहले मुद्रा योजना के लाभार्थियों से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घरई से मिली थीं. महामारी के दौरान सुष्मिता के पिता का निधन हो गया और परिवार का प्रिंटिंग का काम ठप पड़ गया. उनके पास गिरवी रखने के लिए न जमीन थी न सोना. ऐसे में बिना गारंटी वाले मुद्रा लोन ने उन्हें प्रेस दोबारा शुरू करने में मदद की. आज वे 8 लोगों को रोजगार दे रही हैं, जो पहले के मुकाबले दोगुना है, और अब डिजिटल प्रिंटिंग में काम बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं.
मुद्रा योजना के तहत अब तक 60 करोड़ लोन खाते मंजूर किए जा चुके हैं, जिनमें से करीब दोतिहाई महिलाओं के हैं. इसके साथ ही पीएम स्वनिधि से रेहड़ीपटरी वालों को और पीएम विश्वकर्मा से पारंपरिक कारीगरों को सहारा मिला है. इस पूरे बदलाव की अगुवाई महिलाओं ने की है. 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं. अब तक 3.7 करोड़ से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और कई करोड़पति दीदी बनने की राह पर हैं. वहीं नमो ड्रोन दीदी के रूप में ट्रेनिंग लेकर महिलाएं किसानों को खेतों में ड्रोन से छिड़काव की सेवा दे रही हैं.
2047 के विकसित भारत के लिए अब क्या है अगला बड़ा प्लान
पीढ़ियों तक ये माना जाता रहा कि भारत में गरीबी को संभाला तो जा सकता है लेकिन खत्म नहीं किया जा सकता. जो बात एक दशक पहले नामुमकिन लगती थी, वो लगातार जमीनी काम से सच हो गई है. हालांकि वित्त मंत्री ने साफ किया कि ये रुकने का समय नहीं है. 2047 तक विकसित भारत बनाने के रास्ते में अभी नई चुनौतियां हैं.
अगले चरण में सरकार का लक्ष्य सबसे निचले पायदान पर बचे लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालना है. साथ ही ये भी पक्का करना है कि जो लोग आगे बढ़ चुके हैं, वे दोबारा पीछे न फिसलें. इसके लिए लोगों को वित्त, बाजार और डिजिटल इकोनॉमी से और बड़े स्तर पर जोड़ा जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिए शिक्षा संस्थानों और उद्योगों के बीच की दूरी कम कर रही है. बुनियादी ढांचे में बड़े निवेश से देश को पहले से बेहतर तरीके से जोड़ा जा रहा है. निर्मला सीतारमण के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा है कि आजादी की तरह विकसित भारत भी हर भारतीय का संकल्प है. जो काम छह दशकों में नहीं हुआ वो दस साल में हासिल करने के बाद भारत अगले बीस साल का सामना पूरे भरोसे से कर सकता है. 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प से 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य जरूर पूरा होगा.



