शिमला। हिमाचल प्रदेश में HRTC बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अब बस में किराया देने के बाद टिकट लेना और उसे संभालकर रखना बेहद जरूरी होगा। अगर कोई यात्री बिना टिकट पकड़ा जाता है या चेकिंग के दौरान टिकट नहीं दिखा पाता है, तो उसे जुर्माना देना पड़ सकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने बसों में टिकट व्यवस्था को लेकर नए नियम लागू किए हैं।

बिना टिकट पकड़े जाने पर देना होगा 500 रुपये जुर्माना

HRTC के नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई यात्री बिना वैध टिकट के बस में सफर करता हुआ पकड़ा जाता है, तो उससे 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इतना ही नहीं, अगर यात्री टिकट लेने के बाद उसे कहीं खो देता है और चेकिंग के दौरान टिकट नहीं दिखा पाता, तो भी जुर्माना लग सकता है। इसलिए यात्रियों को किराया देने के बाद टिकट जरूर लेना चाहिए और सफर पूरा होने तक उसे अपने पास संभालकर रखना चाहिए।

 

किराया लेने के बाद टिकट नहीं दिया तो यात्री को मिलेगा इनाम

नई व्यवस्था में यात्रियों के लिए एक अच्छी बात भी है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अगर कोई कंडक्टर यात्री से किराया तो ले लेता है, लेकिन उसे टिकट नहीं देता, तो यात्री इसकी शिकायत कर सकता है। अगर जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा। इस नियम का मकसद बसों में टिकट देने की व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है। HRTC ने यात्रियों से कहा है कि अगर कंडक्टर किराया लेने के बाद टिकट नहीं देता है, तो इसकी शिकायत जरूर करें।

बच्चों के टिकट को लेकर भी बदले नियम

HRTC ने बच्चों के टिकट को लेकर भी नियम साफ कर दिए हैं। पांच से 12 साल तक के बच्चों के आधे टिकट या मुफ्त यात्रा के मामले में कंडक्टर बच्चे की उम्र का प्रमाण मांग सकता है। अगर यात्री उम्र से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं दिखा पाता है या दिया गया प्रमाण सही नहीं लगता, तो बच्चे का पूरा टिकट काटा जाएगा।

 

 

हालांकि, अगर अभिभावक के कहने पर बच्चे का आधा टिकट बनाया गया और बाद में जांच में बच्चा इस सुविधा के योग्य नहीं पाया गया, तो इसे सीधे बिना टिकट यात्रा नहीं माना जाएगा। ऐसे मामले में बच्चे की फोटो और जरूरी दस्तावेज लेकर आगे जांच के लिए यूनिट अधिकारी को भेजा जाएगा।

टिकट देने में गड़बड़ी की तो कंडक्टर पर होगी कार्रवाई

नए नियमों में कंडक्टरों को भी साफ हिदायत दी गई है। अगर कोई कंडक्टर यात्री से पैसे लेने के बाद टिकट नहीं देता, कम पैसे का टिकट बनाता है या पुराने टिकट का इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह नियम नियमित और अनुबंध पर काम करने वाले दोनों तरह के कंडक्टरों पर लागू होगा।

 

टिकट नहीं मिलने पर 1100 नंबर पर करें शिकायत

HRTC के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि बसों में बिना टिकट सफर रोकने और टिकट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संशोधित एसओपी लागू की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि किराया देने के बाद टिकट जरूर लें। अगर कोई कंडक्टर पैसे लेने के बावजूद टिकट नहीं देता है, तो यात्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर इसकी शिकायत कर सकते हैं।