राजस्थान की ग्रामीण सियासत के सबसे बड़े रण यानी पंचायती राज चुनाव 2026 के अंतिम नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है. सभी 37 जिला परिषदों और 419 पंचायत समितियों के घोषित परिणामों में कांग्रेस ने एकतरफा बढ़त बनाते हुए सत्तारूढ़ भाजपा को करारी शिकस्त दी है. कुल 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस ने 27 पर कब्जा जमाया है, जबकि भाजपा महज 6 जिला परिषदों तक सिमट गई है. इसी तरह 419 पंचायत समितियों में से 269 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और उनके विधानसभा क्षेत्र सांगानेर से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ तक भाजपा को बड़ा झटका लगा है. नतीजों के बाद जहां कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से नैतिक इस्तीफे की मांग की है, वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने हार की समीक्षा कर दोगुनी ताकत से जनता के बीच जाने की बात कही है.

राजस्थान के पंचायत चुनाव में उतारे गए 17 केबिनेट और 3 केंद्रीय मंत्रियों को फ़ौज भी भाजपा को पंचायत चुनाव में जीत नहीं दिला सके. जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावी नतीजों ने सरकार के मंत्रियों की जमीनी हकीकत की वास्तविकता को सामने रख दिया है. सरकार के 17 मंत्रियों और तीन केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा कहीं टक्कर में भी नजर नहीं आ पाई इस वजह से पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा. मंत्रियों ने क्षेत्र में प्रचार में पूरी ताकत तो झोंकी लेकिन पार्टी को इसका फायदा नहीं हुआ. केंद्रीय नेतृत्व ने इन नतीजे के बाद राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों की रिपोर्ट भी तालालब की है.

‘भाजपा के लिए आत्ममंथन की स्थिति पैदा हुई’

पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने गांवों में कांग्रेस को बड़ी संजीवनी दी है, वहीं भाजपा के लिए आत्ममंथन की स्थिति पैदा कर दी है. अंतिम आंकड़ों के मुताबिक, 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस ने 27 और बीजेपी ने 6 पर जीत हासिल की है, जबकि 1 सीट पर अन्य ने बाजी मारी है और 3 जिला परिषदों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. वहीं 419 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 269 और भाजपा ने 73 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 60 पंचायत समितियों में निर्दलीय व अन्य दलों ने कब्जा जमाया है और 17 जगह किसी को बहुमत नहीं मिला. नागौर में हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी ने बहुमत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा है.

बीजेपी को सबसे बड़ा झटका मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में लगा, जहां पिछली बार 17 सीटें जीतने वाली भाजपा इस बार 9 सीटों पर सिमट गई और कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया. इतना ही नहीं, सीएम के खुद के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर पंचायत समिति में भी आरएलपी ने 8 सीटें जीतकर बढ़त बनाई, जबकि भाजपा और कांग्रेस को 33 सीटें मिलीं. उधर, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के इलाके झालावाड़ में भी 8 में से 6 पंचायत समितियों पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया और भाजपा को महज 2 पर संतोष करना पड़ा.

बीजेपी का कोर वोटर छिटका

चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कि गांव में चौपाल और ग्रामीणों से सीधा संवाद भी इस चुनाव के नतीजे नहीं बदल पाया. इन चुनावों में प्रदेश के कई दिग्गज मंत्रियों, विधायकों और नेताओं के परिजनों को भी करारी हार का सामना करना पड़ा है.

कुछ दिनों पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पाकिस्तान प्रेम वाला बयान भी पंचायत चुनाव में बीजेपी की हार का सबसे बड़ा कारण बना. पिछले दिनों मदन राठौर ने कहा था कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच होता है तो हम पाकिस्तान के साथ खड़े हैं इसे कहीं ना कहीं भाजपा का कोर हिंदू वोटर इस चुनाव में छिटक गया और हार का कारण बना.

राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बेरवा के दूदू विधानसभा क्षेत्र में तीन पंचायत समिति हैं जहां तीनों में भाजपा तीसरे नंबर पर रही। वहीं फागी में तो भाजपा का एक भी प्रत्याशी नहीं जीता. जयपुर जिले के कोटे से मंत्री प्रेमचंद बेरवा जयपुर जिला परिषद में भी भाजपा को जीत नहीं दिला पाए.

किन मंत्रियों को जनता ने नकारा?

कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से आते हैं जहां झोटवाड़ा पंचायत समिति में सिर्फ एक सीट ही जिता पाए. झोटवाड़ा की पंचायत समिति के 15 वार्ड में से भाजपा केवल एक वार्ड ही जीती.

राजस्थान के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पार्टी से लड़कर पत्नी व बेटे के लिए टिकट लिए बेटे और भाई की पत्नी को उतारा, लेकिन चारों हार गए श्रीमाधोपुर अजीतगढ़ पंचायत समितियां में भाजपा टिकी ही नहीं. राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को लोहावट की जनता नकार दिया. खींवसर के निर्वाचन क्षेत्र से जुड़ी लोहावट पंचायत समिति में भाजपा का एक भी प्रत्याशी नहीं जीत सका. मंत्री से मतदाताओं की नाराजगी के वजह से सरकार की योजनाएं भी भाजपा के वोट लेने का जरिया नहीं बन पाई.

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अपने क्षेत्र सवाई माधोपुर में भी भाजपा को नहीं जिता पाए. 23 वार्ड में से भाजपा 6 वार्ड ही जीत सकी. जिला परिषद में भी बीजेपी हार गई. इस हार के पीछे किरोड़ी लाल मीणा का वायरल वीडियो बताया जा रहा है जहां चुनावी प्रचार के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को गाली गलौज करते हुए कहा था कि वोट देना है तो दो नहीं तो भाड़ में जाओ.

राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र मंत्री बाबूलाल खराड़ी के झाड़ोल के 15 में 5 वार्ड बीजेपी जीत पाई. सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत के जैतारण, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के सुमेरपुर ,कानून मंत्री जोगाराम पटेल के लूणी और जोधपुर जिला परिषद खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के लूणकरणसर, सहकारिता मंत्री गौतम दक की बड़ी सादड़ी ,जवाहर सिंह बेढम के नगर ,जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत के अजमेर ग्रामीण भी बीजेपी हार गई. जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी का मालपुरा तो जीता लेकिन भाजपा दो समितियां हार गई.

भाजपा के तीन केंद्रीय मंत्री भी अपने निर्वाचन क्षेत्र के जिलों में भाजपा का जिला प्रमुख नहीं बना पाए केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का जिला बीकानेर है जहां जिला परिषद के 41 वार्ड में से भाजपा के केवल 8 प्रत्याशी जीते वहीं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह जिले जोधपुर की जिला परिषद के 46 वार्ड में से भाजपा को केवल 8 वार्ड पर ही जीत हासिल हुई केंद्रीय वन व पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्वाचन वाले अलवर जिले में भी भाजपा का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा अलवर जिला परिषद में 39 वार्ड है लेकिन भाजपा मात्र 4 वार्ड में ही जीत सकी.

क्या रहा हार का कारण?

भाजपा के हार का के कारणों का मंथन करें तो सबसे बड़े कारण भाजपा के मंत्रियों विधायकों का जनता से जुड़ाव कम होना , यूजीसी एक्ट, वईडब्ल्यूएस सरलीकरण आंदोलन का असर, हेल्थ स्कीम का कमजोर प्रबंधन, कोई लोकप्रिय फ्लैगशिप योजना नहीं,भाजपा को गांव में बताने के लिए कुछ भी नहीं और सत्ता में होकर भी संगठन का सुस्त रहना सबसे बड़े कारण रहे.

शानदार प्रदर्शन से उत्साहित कांग्रेस ने जयपुर में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भजनलाल सरकार पर चौतरफा हमला बोला. पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद झूठा नैरेटिव गढ़ने वाली भाजपा को ग्रामीण जनता ने आईना दिखा दिया है और सीकर, धौलपुर, राजसमंद व सिरोही जैसे जिलों में भी कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है. डोटासरा ने महंगाई, बेरोजगारी, कोटा में प्रसूताओं की मौत और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा देने की मांग की और चेतावनी दी कि प्रमुखप्रधान चुनाव में बेईमानी हुई तो गांवों में जनता सड़क पर उतरेगी. वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा के ‘सेमीफाइनल’ वाले बयान पर तंज कसते हुए पूछा कि इस हार के बाद क्या भाजपा फाइनल खेलने की स्थिति में है. जूली ने चिरंजीवी, आरजीएचएस और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने वोट की चोट से जवाब दिया है.

दूसरी तरफ पंचायत चुनावों में लगे झटके के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी हार से निराश होने के बजाय कारणों की समीक्षा करेगी और पहले से ज्यादा समय व ताकत लगाकर जनता का विश्वास दोबारा जीतेगी. कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि चुनाव से पहले सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और एसआईआर में गड़बड़ी का शोर मचाने वाली कांग्रेस को इन नतीजों ने गलत साबित कर दिया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने नसीहत दी कि कांग्रेस जीत पर जश्न मनाती है और हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है.

‘जनता ने सरकार का घमंड तोड़ा’

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत पर कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जनता ने सरकार का घमंड चुनाव के परिणामों ने तोड़ दिया है. जनता ने सरकार के कामों का हिसाब पंचायत चुनाव में भाजपा को हरा कर दिया है. सरकार का यह सेमीफाइनल था जो हमने जीता है और अब फाइनल यानी कि अगला विधानसभा चुनाव भी हम जीतेंगे. जनता के साथ सरकार के मंत्रियों नेताओं का संवाद ना करना इस चुनाव में इन्हें भारी पड़ा है.

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नतीजों के बाद अब असली सियासी जंग जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी को लेकर शुरू हो गई है, जहां निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों की भूमिका भी बेहद निर्णायक साबित होने वाली है.

कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को बड़ा झटका लगा, जहां उनकी पत्नी शांति देवी, दोनों बेटे दुर्गा सिंह व अजय सिंह और छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा चुनाव हार गईं. अलवर की कठूमर पंचायत समिति में विधायक रमेश खींची की दोनों बहुएं दीपिका और बिंदु हार गईं, तो सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव को भी हार का मुंह देखना पड़ा. जोधपुर की ओसियां पंचायत समिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री शंभू सिंह खेतासर की पत्नी व निवर्तमान प्रधान बदन कंवर और पुत्रवधू किरण कंवर चुनाव हार गईं. डेगाना में भाजपा विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी और दौसा के सिकंदरा में आईएएस समर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर भी चुनाव हार गईं. हालांकि, चूरू में भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह ने जीत दर्ज कर साख बचाई, वहीं नागौर से आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल की बहन दाखु देवी और उदयपुर की गिर्वा पंचायत समिति से पूर्व मंत्री खेमराज कटारा व पूर्व विधायक सज्जन कटारा के बेटे विवेक कटारा ने जीत हासिल की.