मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर पतिपत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद हत्या की वजह बन गया. तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनहेटी में पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना के बाद वह पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या का खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतका की पहचान 27 वर्षीय सुषमा राऊत के रूप में हुई है. आरोपी पति का नाम दिनेश राऊत है. पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है. उस समय सुषमा मोबाइल का इस्तेमाल कर रही थी. पति दिनेश ने इतनी रात तक मोबाइल चलाने पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर दिनेश ने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया. दम घुटने से उसकी मौत हो गई.

पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा था आरोपी

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी दिनेश उसे लेकर कटंगी अस्पताल पहुंचा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुषमा को मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में घटना को सामान्य या संदिग्ध मौत के तौर पर देखा जा रहा था. अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

इस दौरान पुलिस को मौत के कारणों को लेकर संदेह हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हुई. रिपोर्ट में सुषमा की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया.

पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दिनेश राऊत से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने पत्नी के साथ मोबाइल को लेकर विवाद होने की बात बताई. उसने यह भी स्वीकार किया कि गुस्से में उसने सुषमा का गला दबा दिया था.

इसके बाद तिरोड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. पुलिस ने दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

तीन साल पहले हुई थी शादी

सुषमा और दिनेश की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी. दोनों का वैवाहिक जीवन अभी शुरुआती दौर में ही था, लेकिन एक घरेलू विवाद ने सब कुछ खत्म कर दिया. जिस मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, वही विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी की जान चली गई.