Dumka crime news: झारखंड के दुमका जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने ही बेटे की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी. घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलथा गांव की है. बताया जा रहा है कि बेटा अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचता था और छोटीछोटी बातों को लेकर मातापिता से विवाद करता था. बुधवार शाम भी वह नशे में घर पहुंचा और मनपसंद खाना नहीं मिलने पर हंगामा करने लगा. इसी दौरान गुस्से में आकर पिता ने घर में रखी कुदाल से उस पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से बेटे की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान महेश मांझी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम जनार्दन मांझी बताया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता जनार्दन मांझी को हिरासत में लिया है.

शराब के नशे में घर पहुंचा, खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महेश मांझी को शराब पीने की लत थी. वह अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचता था और अपने मातापिता के साथ झगड़ा करता था. शराब पीने से मना करने पर भी वह विवाद और हंगामा करने लगता था. बताया जाता है कि उसकी इस आदत से परिवार के लोग काफी परेशान थे.

बुधवार शाम भी महेश शराब के नशे में घर पहुंचा था. इसके बाद उसने पिता जनार्दन मांझी और मां फूलों देवी के साथ मनपसंद खाना नहीं मिलने को लेकर विवाद शुरू कर दिया. कहासुनी बढ़ने पर उसने घर में बना भोजन उठाकर फेंक दिया. इससे घर में तनाव और बढ़ गया.

गुस्से में पिता ने कुदाल से किया हमला

बताया जा रहा है कि बेटे की हरकतों से परेशान पिता जनार्दन मांझी अपना आपा खो बैठे. उन्होंने घर में रखी कुदाल उठा ली और महेश के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर दिए. हमले में महेश गंभीर रूप से घायल हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

पिता हिरासत में, मां की भूमिका की भी जांच

हंसडीहा थाना पुलिस ने महेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, उसके पिता जनार्दन मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.

इस मामले में मृतक की मां फूलों देवी की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है. हालांकि, अभी तक उनकी संलिप्तता को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.