उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया. वह 91 वर्ष की थीं. उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई दिग्गजों ने दुख जताया है. सीएम योगी गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जब उन्हें अपनी मां के निधन की जानकारी दी गई.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘उप्र के मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं. शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं.’
स्मृति ईरानी ने जताया दुख
स्मृति ईरानी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया. उन्होंने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस दुखद घड़ी में योगी जी के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें अपनी माताजी की स्मृतियों को संबल बनाकर इस कठिन समय में धैर्य एवं साहस प्रदान करे. प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें.’
भीम आर्मी चीफ ने व्यक्त की संवेदना
आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर ने संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं. मां को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. प्रकृति शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. भावभीनी श्रद्धांजलि एवं विनम्र नमन.
नितिन नवीन ने भी जताया दुख
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है. उनके जाने से उपजे दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी आदित्यनाथ एवं समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ की मां का निधन हो गया है. वो मां जिसने अपने बेटे को संन्यास के लिए संन्यासी बनाया. वो नहीं जानती थीं कि वो संन्यास के साथ समाज को बदलने का काम सीएम के रूप में करेंगे. मैं मानता हूं ये मां तपस्वी थी और योगी निश्चित रूप से भाग्यवान हैं. मैं उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करता हूं.’
कल होगा अंतिम संस्कार
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया है.
सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार कल यानी शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा. इसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे. सावित्री देवी के सीएम योगी समेत उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं. इनमें भाई मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शैलेंद्र मोहन और बहनें पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी शामिल हैं.



