दिल्ली हाई कोर्ट ने उद्योगपति अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी की लुक आउट सर्कुलर की स्थिति स्पष्ट करने और विदेश जाने की इजाजत मांगने से जुड़ी याचिका पर ED, SFIO और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को नोटिस जारी किया है. टीना अंबानी ने कोर्ट से पूछा है कि क्या जांच एजेंसियों ने उनके खिलाफ LOC जारी किया है. उन्होंने LOC जारी होने की स्थिति में उसे रद्द या निलंबित करने की भी मांग की है, ताकि वह विदेश यात्रा कर सकें. जस्टिस मिनी पुष्करणा की पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को तय की है. कोर्ट ने संबंधित एजेंसियों से इस मामले में जवाब मांगा है.

टीना अंबानी 10 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात , ओमान और भूटान जाने की योजना बना रही हैं. उनका कहना है कि वह परिवार और दोस्तों से मिलने के लिए विदेश जाना चाहती हैं. इसलिए उन्हें यह जानकारी मिलनी चाहिए कि उनके खिलाफ कोई यात्रा प्रतिबंध तो नहीं लगाया गया है.

क्या ED के सामने पेश नहीं हुई टीना अंबानी?

टीना अंबानी के वकील अर्शदीप सिंह खुराना ने कोर्ट को बताया कि उनकी क्लाइंट जांच में सहयोग करना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि ED और SFIO ने पहले उन्हें समन भेजे थे, लेकिन अब तक कोई नया समन नहीं आया है. वकील के मुताबिक, टीना अंबानी ने पहले भी एजेंसी को बताया था कि वह पूछताछ के लिए पेश होना चाहती हैं, लेकिन उस समय उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर था. वहीं, ED की ओर से पेश वरिष्ठ वकील जोहेब हुसैन ने कहा कि एजेंसी ने टीना अंबानी को दो बार समन भेजा था, लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुईं. उन्होंने जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा.

क्या है पूरा मामला?

टीना अंबानी को आशंका है कि ED के 2025 के ECIR और SFIO की रिलायंस ग्रुप की कंपनियों से जुड़ी जांच के आधार पर उनके खिलाफ LOC जारी किया गया हो सकता है. SFIO रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस कम्युनिकेशंस समेत कई कंपनियों के मामलों की जांच कर रहा है. इसी जांच के सिलसिले में SFIO ने 20 जुलाई को टीना अंबानी को कंपनीज एक्ट के तहत समन जारी किया था.

इसके अलावा ED ने फरवरी में PMLA के तहत उन्हें 9 और 17 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए दो समन भेजे थे. टीना अंबानी का कहना है कि उन्होंने दोनों समन का जवाब दिया था और इसके बाद एजेंसी की ओर से कोई नया समन नहीं आया. याचिका में टीना अंबानी ने यह भी कहा है कि उनका नाम किसी FIR, अभियोजन शिकायत या अन्य आपराधिक मामले में आरोपी के तौर पर दर्ज नहीं है.

बेटों ने भी मांगी थी LOC की जानकारी

आपको बता दें कि इससे पहले टीना अंबानी के दोनों बेटों जय अंशुल और जय अनमोल अंबानी ने भी हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ जारी LOC की जानकारी मांगी थी. अदालत ने उन मामलों में संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के निर्देश दिए थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब टीना अंबानी की याचिका पर 8 दिसंबर को सुनवाई होगी. इस सुनवाई में ED, SFIO और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन का जवाब अहम होगा.