नौकरी के दौरान कर्मचारी अपनी सैलरी का एक हिस्सा हर महीने प्रोविडेंट फंड में जमा करते हैं. इस रकम का उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा देना है. अभी तक ज्यादातर कर्मचारियों के सामने रिटायरमेंट के समय पूरी जमा रकम एक साथ निकालने का विकल्प रहता है. लेकिन अब EPFO ने इस व्यवस्था को ज्यादा सुविधाजनक बनाने की दिशा में कदम उठाया है. EPFO के मुताबिक, SWP की शुरुआत से रिटायर होने वाले कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी से नियमित आमदनी हासिल करने का विकल्प मिलेगा. इससे उन्हें रिटायरमेंट के बाद खर्चों के लिए एकमुश्त बड़ी रकम निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

क्या है EPFO का सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान?
SWP यानी Systematic Withdrawal Plan एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम को एक साथ निकालने के बजाय नियमित अंतराल पर निकाल सकेंगे. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 30 लाख रुपये जमा हैं, तो वह अपनी जरूरत के मुताबिक हर महीने या तय अंतराल पर इस रकम का कुछ हिस्सा निकाल सकेगा. इस व्यवस्था की खास बात यह है कि कर्मचारी की पूरी जमा पूंजी एक बार में खत्म नहीं होगी. खाते में बची रकम पर लागू नियमों के अनुसार ब्याज मिलता रहेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित और अनुमानित आमदनी का जरिया मिल सकता है.
खाताधारक की मौत होने पर नॉमिनी को क्या मिलेगा?
EPFO के इस प्रस्ताव में परिवार के हितों का भी ध्यान रखा गया है. मान लीजिए किसी कर्मचारी ने रिटायरमेंट के बाद SWP के तहत हर महीने PF से पैसा निकालना शुरू किया. कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो जाती है. ऐसी स्थिति में खाते में बची हुई रकम को लेकर नॉमिनी या आश्रितों को विकल्प मिलेगा. ईपीएफओ के अनुसार ऐसी स्थिति में नॉमिनी या आश्रित बची हुई पूरी रकम निकाल सकेंगे. वे चाहें तो नियमित किस्तों में पैसा प्राप्त करना जारी रख सकेंगे. परिवार को रिटायरमेंट फंड में बची रकम का लाभ मिलता रहेगा. यानी यह व्यवस्था सिर्फ रिटायर होने वाले कर्मचारी के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.
क्या अब PF का पूरा पैसा निकालना बंद हो जाएगा?
ऐसा नहीं है. SWP की शुरुआत का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी अब रिटायरमेंट के बाद अपना पूरा PF पैसा एक साथ नहीं निकाल सकेंगे. यह एक अतिरिक्त विकल्प होगा, जिससे कर्मचारी अपनी जरूरत और आर्थिक योजना के मुताबिक फैसला कर सकेंगे. जो कर्मचारी एकमुश्त रकम निकालना चाहते हैं, उनके लिए मौजूदा नियमों के तहत उपलब्ध विकल्प अलग रहेंगे.
कब से लागू होगी नई व्यवस्था?
EPFO ने सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान के प्रस्ताव को CBT की मंजूरी मिलने की जानकारी दी है. हालांकि, इसके तहत कितनी रकम, कितने अंतराल पर और किन शर्तों के साथ निकाली जा सकेगी, इसकी विस्तृत जानकारी और लागू होने की तारीख का इंतजार करना होगा. कुल मिलाकर, EPFO का SWP रिटायरमेंट प्लानिंग के तरीके को बदल सकता है. अब कर्मचारियों को अपनी पूरी जिंदगी की बचत एक साथ निकालने के बजाय उसे नियमित आमदनी में बदलने का विकल्प मिलेगा. साथ ही, कर्मचारी की मृत्यु होने पर बची हुई रकम परिवार को मिलने या किस्तों में जारी रहने की व्यवस्था भी इस योजना को महत्वपूर्ण बनाती है.



