मोमोज खाने के शौकीन लोगों के लिए चौंकाने वाली खबर है. बाजार में स्वाद के नाम पर लोगों को क्या परोसा जा रहा है, इसकी एक भयावह तस्वीर बिहार की राजधानी पटना में सामने आई है. यहां कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान करीब 10 किलो सड़ा हुआ चिकन बरामद किया. जिस चिकन का इस्तेमाल मोमोज और अन्य खाद्य सामग्री तैयार करने में हो सकता था, उसे खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया.

जांच के दौरान कैफे की रसोई में भारी गंदगी मिली. साफसफाई की व्यवस्था भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई. इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कैफे के लाइसेंस पर निलंबन की कार्रवाई की. लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा इकाई की टीम ने कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे का औचक निरीक्षण किया था. टीम ने किचन से लेकर खाद्य सामग्री के रखरखाव तक की जांच की. इस दौरान करीब 10 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे तत्काल नष्ट कराया गया.

जांच में रसोई की साफसफाई खराब मिली. खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता को लेकर भी गंभीर सवाल उठे. खाद्य कारोबारियों के लिए जरूरी है कि वे ग्राहकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराएं और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करें. लेकिन कैफे में इन मानकों की अनदेखी सामने आई.

सिर्फ एक कैफे नहीं, दूसरी जगह भी गड़बड़ी

खाद्य सुरक्षा विभाग की इसी जांच मुहिम में पटना के दूसरे प्रतिष्ठानों में भी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. पटना के लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना की जांच में बारबार इस्तेमाल किए जाने से जला हुआ खाद्य तेल मिला. टीम ने करीब 21 लीटर तेल नष्ट कराया. इसके अलावा इंडो चिली सॉस बेस का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया. प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस भी जारी किया गया.

बिना लाइसेंस चला रहा था कारोबार

पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में जांच के दौरान वैध खाद्य लाइसेंस नहीं मिला. यहां भी शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को एक साथ रखने तथा साफसफाई की व्यवस्था में खामियां पाई गईं. विभाग ने प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर लाइसेंस लेने का निर्देश देते हुए तब तक मोमो का निर्माण और बिक्री बंद करा दी.

ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ कितना खतरनाक?

खाद्य विशेषज्ञों के अनुसार, खराब या सड़ा हुआ चिकन खाने से फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. दूषित भोजन से उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी परेशानियां हो सकती हैं. वहीं, बारबार इस्तेमाल किए गए जले हुए तेल में तैयार भोजन भी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

खासकर चिकन जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखना जरूरी होता है. रेस्टोरेंट और कैफे में कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को भी उचित तरीके से अलग रखना चाहिए.

पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कारोबारियों में हड़कंप मचा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। विभाग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करना है.

अब सवाल यह है कि शहर में संचालित दूसरे मोमोज कैफे और फास्ट फूड दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और किचन की साफसफाई की नियमित जांच हो रही है या नहीं? ग्राहकों को स्वाद के साथ सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है.