Featured Image

बिहार के समस्तीपुर में एक महिला ने अपने 4 साल की बेटी को पीटकर मार डाला. आरोप है कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि मासूम बच्ची ने छठ पूजा के दौरान प्रसाद जूठा कर दिया था. इसके बाद महिला ने गुस्से में उसकी जान ले ली. आइए जानते हैं पूरा वाकया.

क्या है पूरी घटना?

समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 में यह दर्दनाक घटना हुई. जानकारी के मुताबिक, राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी छठ पूजा के लिए घर में प्रसाद और अन्य पकवान तैयार कर रही थी. इस दौरान उसकी चार वर्षीय बेटी सुहानी प्रसाद खाने की जिद करने लगी. मां ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन बच्ची ने प्रसाद उठा लिया और उसे जूठा कर दिया. बेटी की इस हरकत में मां रीना आगबबूला हो गई और बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस दौरान बेटी की गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पिता ने सख्त कार्रवाई की मांग की

मृत बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, यह घटना तब घटी, जब वह छठ पूजा की तैयारी के लिए घाट गए हुए थे. इस घटना की शिकायत गांववालों ने पुलिस को दी. और मृत बच्ची के पिता ने पुलिस से अपनी पत्नी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दंपत्ति के कुल तीन बच्चे हैं. इनमें सात साल की शिवानी कुमारी, चार साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं. सुहानी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

पूसा थाना प्रभारी राकेश कुमार के मुताबिक, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.