राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार की देर रात एक खौफनाक वारदात हुई. यहां लोनी इलाके के एक अस्पताल में भर्ती सोशल मीडिया एंफ्लूएंसर हाजी सलमान के परिवार पर चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की. गनीमत रही कि इस वारदात में किसी को गोली नहीं लगी है. मामला दिल्लीसहारनपुर मार्ग स्थित शिवेन अस्पताल का है. इस वारदात में बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का भी आरोप है.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक चार हथियारबंद बदमाश अस्पताल में घुसे थे. इससे पहले बदमाशों ने हाजी सलमान की गाड़ी की हवा निकाल दी. फिर अस्पताल में घुसकर कई राउंड फायरिंग की. गनीमत रही कि अनहोनी की आशंका के चलते हाजी सलमान के परिवार ने टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई. वहीं बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी.

सलमान की मां ने दी तहरीर

घटना के संबंध में लोनी में गौरी पट्टी निवासी हाजी सलमान की मां संजीदा ने पुलिस में तहरीर दी है. बताया कि उनके छोटे बेटे शाहनवाज की पत्नी नफीसा को उपचार के लिए शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे अस्पताल लाया गया था. यहां डॉक्टर नफीसा की जांच कर ही रहे थे कि बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों के जाने के बाद वह लोग बाहर आए तो पता चला कि बदमाशों ने गाड़ी के पहियों की हवा निकाल दी है और शीशे आदि तोड़ दिए हैं.

पुरानी रंजिश मान रही पुलिस

आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने अस्पताल की कर्मचारी बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. एसीपी लोनी राम किशन के मुताबिक रात करीब 11 बजे घटना की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है. एसीपी के मुताबिक हाजी सलमान फिलहाल जेल में है.