उत्तर प्रदेश के बरेली में भाई दूज के दिन भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में एक तेज रफ्तार बाइक सड़क के किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई. इससे बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा बरेली में शाही थाना क्षेत्र का है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक शाही थाना क्षेत्र के अमौर गांव में रहने वाले तीनों दोस्त दीपक, मनोज और योगेश बसावनपुर गांव में लगने वाला दिवाली मेला देखने के लिए घर से निकले थे. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे. बाइक दीपक चला रहा था. बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था. जैसे ही उनकी बाइक शाहीशेरगढ़ रोड पर खजुरिया चौराहे के पास हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई.
हादसे के बाद मची अफरातफरी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभे पर लगा बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया. वहीं तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. थानाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी के मुताबिक हादसे में गंभीर रूप से घायल दीपक और मनोज ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. वहीं योगेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बहनों का रोरोकर हुआ बुरा हाल
हादसे की सूचना इनके घर पहुंची तो कोहराम ही मच गया. इनकी बहने भाई दूज के मौके पर भाई के पूजन के लिए उनका इंतजार कर रही थीं. भाई तो पहुंचे नहीं, उनके मरने की खबर पहुंच गई. मृतक दीपक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. वह दिल्ली में नौकरी करते थे. उनकी इकलौती बहन का घटना के बाद से ही रोरोकर बुरा हाल है.



