कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इन दिनों अपनी किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. इस किताब में उन्होंने कई खुलासे किए हैं. किताब में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का भी जिक्र है. कांग्रेस नेता ने किताब में लिखा कि उन्होंने क्लिंटन को महिलाओं को घूरते हुए देखा था. उन्होंने ये भी कहा कि पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं.

सोनिया गांधी ने लिखा कि क्लिंटन की भारत यात्रा के दौरान मोनिका लेविंस्की के साथ उनका मामला भले ही ठंडा पड़ चुका था, लेकिन उनकी पुरानी आदतें नहीं बदली थीं. उन्होंने कहा कि एक स्वागत समारोह में उन्होंने क्लिंटन को कई बार वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरीछिपे घूरते देखा था.

राजकुमारी डायना और निकोलस सरकोजी का जिक्र

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में ब्रिटेन की राजकुमारी डायना और फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी सहित विश्व के कई विश्व नेताओं के साथ अपनी मुलाकातों के बार में भी बताया है. उन्होंने साल 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा बिल क्लिंटन के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह का भी विस्तार से जिक्र किया.

बिल क्लिंटन पर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा

Belonging: A Journey of Love में सोनिया गांधी ने लिखा ‘साल 2000 में जब मैंने हमारे विदेश मंत्री के साथ राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की, तब वह अपनी बेटी चेल्सी और प्रतिनिधिमंडल के साथ शेरटन होटल में ठहरे हुए थे. वह मिलनसार, अनौपचारिक और आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आए. हालांकि, वह हमारे विचार सुनने के बजाय कश्मीर के बारे में अपने विचार और अनुमान बताने में अधिक रुचि दिखा रहे थे. उनके शब्दों में कश्मीर परमाणु टकराव का केंद्र और दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक था’.

कांग्रेस नेता ने कहा कि तब तक मोनिका लेविंस्की और बिल क्लिंटन का मामला कुछ हद तक ठंडा पड़ चुका था, लेकिन पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वाजपेयी द्वारा क्लिंटन के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने उन्हें समयसमय पर वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरीछिपे घूरते देखा.

निकोलस सरकोजी की प्रेम कहानी का जिक्र

इसके साथ ही सोनिया गांधी ने साल 2008 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की भारत यात्रा से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से भी साझा किए हैं. सरकोजी उस समय अपनी साथी कार्ला ब्रूनी के बिना भारत आए थे. उन्होंने किताब में लिखा,’कहा जाता था कि उन्हें कार्ला को साथ नहीं लाने की सलाह दी गई थी, क्योंकि दोनों अविवाहित थे और आधिकारिक समारोहों में यह असहज स्थिति पैदा कर सकता था. भोज के दौरान मेरे पास बैठे तत्कालीन उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने बड़े ही सहज और मजाकिया अंदाज में उनसे उनकी शादी की योजनाओं के बारे में पूछना शुरू कर दिया। क्या वह शादी करने जा रहे हैं? अगर हां, तो क्या तारीख तय हो गई है? क्या उन्हें कार्ला की याद आ रही है?’.

कांग्रेस सांसद के मुताबिक ‘राष्ट्रपति सरकोजी इस सवालजवाब से बिल्कुल विचलित नहीं हुए. बल्कि वह अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताने को उत्सुक दिखे. उन्होंने उनके सभी सवालों के जवाब दिए और इस दौरान लगातार अपने फोन पर कार्ला को मैसेज भी भेजते रहे’. उन्होंने बताया कि कुछ साल बाद प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी की ओर से आयोजित एक निजी रात्रिभोज में उनकी मुलाकात इस जोड़े से फिर हुई.

सोनिया गांधी ने की कार्ला ब्रूनी की तारीफ

सोनिया गांधी ने लिखा, ‘तब तक राष्ट्रपति सरकोजी और कार्ला ब्रूनी शादी कर चुके थे और साथ आए थे. वह अपनी लंबी और खूबसूरत पत्नी पर पूरी तरह मोहित नजर आ रहे थे. इतालवी और फ्रांसीसी मूल की कार्ला यूरोप में लोकप्रिय गायिका और गीतकार होने के साथसाथ एक टॉप मॉडल भी रह चुकी थीं. जब वह एक लंबे गाउन में कमरे में दाखिल हुईं तो सभी की निगाहें उन पर टिक गईं. वह बेहद आकर्षक, छरहरी, शालीन और नीली आंखों वाली महिला थीं’.

‘सरकोजी का अंदाज अहंकारी लगा…’

उन्होंने बताया कि कार्ला ने विनम्रता से बात की, लेकिन कम ही बोलीं. वहीं उनके पति सरकोजी प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को यह समझाने में लगे रहे कि भारत को क्या करना चाहिए. सोनिया ने कहा कि सरकोजी का अंदाज उन्हें कुछ अहंकारी लगा. उन्हें इस बात का भी ध्यान नहीं था कि वह ऐसे व्यक्ति से बात कर रहे हैं जो उनसे ज्यादा वरिष्ठ, अनुभवी और जानकार हैं.

ब्रिटेन के शाही परिवार के साथ कैसा था रिश्ता

अपनी किताब में सोनिया गांधी ने ब्रिटेन के शाही परिवार के साथ अपनी मुलाकातों, खासतौर पर राजकुमारी डायना के साथ हुई मुलाकातों को भी याद किया है. उन्होंने लिखा कि ब्रिटेन के शाही परिवार के कुछ सदस्यों और उनके परिवार के बीच कई पीढ़ियों से दोस्ती रही थी. राजीव गांधी की भी तत्कालीन प्रिंस चार्ल्स के साथ अच्छी बनती थी.

‘उस परिवार का असली सितारा राजकुमारी डायना थीं’

उन्होंने लिखा,’उस परिवार का असली सितारा तो राजकुमारी डायना थीं. लंबी और छरहरी कदकाठी, बड़ी नीली आंखें, मनमोहक मुस्कान और आकर्षक व्यक्तित्व. साल 1981 में जब मैं और राजीव उनकी शादी में शामिल हुए थे, तब दुल्हन के रूप में उनकी अद्भुत खूबसूरती मैं कभी नहीं भूल सकती. लेकिन साल 1992 में जब वे भारत आए, तब साफ दिखाई दे रहा था कि उनकी शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही थी’.

सोनिया गांधी के मुताबिक ‘जिस दिन डायना ने ताजमहल के सामने उस बेंच पर अकेले बैठकर तस्वीर खिंचवाई थी, जिसे मैं ‘प्रेम की बेंच’ कहती हूं, उसी दिन वे देर शाम चाय पर हमारे यहां आए थे. प्रिंस चार्ल्स बातचीत में खुलकर हिस्सा ले रहे थे और काफी मजाकिया थे, लेकिन डायना उदास नजर आ रही थीं. हालांकि, लाल और बैंगनी रंग के आकर्षक टू पीस ड्रेस में वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं. हमने उनकी भारत यात्रा के दौरान देखी और पसंद की गई चीजों के बारे में बातचीत की’.

डायना ने की सोनिया गांधी की मां से मुलाकात

कांग्रेस नेता ने बताया कि उस दौरान उनकी मां भारत आई हुई थीं और वह मशहूर राजकुमारी से मिलना चाहती थीं. उनकी बेटी प्रियंका ने भी अपनी ‘नॉन्ना’ का डायना से परिचय कराने पर जोर दिया. उन्होंने लिखा, ‘डायना ने पूछा कि वह इतनी शांत क्यों हैं. इस पर प्रियंका ने तुरंत जवाब दिया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि मैंने उन्हें कुछ नहीं बोलने को कहा था, क्योंकि वह केवल इतालवी भाषा बोलती हैं. यह सुनकर डायना जोर से हंस पड़ीं और तुरंत मेरी मां की ओर मुड़ीं. उन्होंने उनका हाथ आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘पियाचेरे, कोमे स्ताई?’ ’.

उन्होंने बताया कि डायना ने इतालवी शब्दों का सही उच्चारण करने की कोशिश की, हालांकि संबोधन का अनौपचारिक रूप इस्तेमाल किया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन उनके इस आत्मीय और आकर्षक अंदाज ने हम सभी का दिल जीत लिया. उन्होंने बताया कि चाय और कुछ देर बातचीत के बाद जब वे शाही जोड़े को उनकी कार तक विदा करने जा रहे थीं, तब डायना बीच रास्ते में रुक गईं. वह पीछे मुड़ीं, उनकी मां को हाथ हिलाकर विदा किया कहा चाओ, नॉन्ना!.

डायना ने सोनिया गांधी को लिखा था पत्र

सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि राजीव पर लिखी अपनी पुस्तक भेंट करने के बाद डायना ने उन्हें एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने मेरे पति के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की थी. गांधी ने लंदन में राजकुमारी डायना के साथ चाय पर मुलाकात का भी जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने काले रंग का सूट पहना था, जिस पर सफेद कॉलर था. उन्होंने मजाक में कहा था, ‘मुझे लग रहा है जैसे मैं कोई कौआ हूं’.

सोनिया गांधी ने एक अन्य मुलाकात को याद करते हुए लिखा,’मैं उनसे एक बार फिर एक हेयरड्रेसर के यहां मिली. मैंने देखा कि मेरे ठीक बगल में बैठा चेहरा जानापहचाना लग रहा था. मैंने एक शब्द कागज पर लिखा और उन्हें पकड़ा दिया. अगले ही पल मुझे एहसास हुआ कि ‘हाय’ लिखने के बजाय मैंने ‘हाय’ की गलत वर्तनी ‘हाय’ लिख दी थी. मेरा मन हुआ कि काश मैं वह पर्ची वापस छीन पाती! लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. वह उसे अपने हैंडबैग में रख चुकी थीं. उन्होंने पहचान भरी मुस्कान के साथ मेरी ओर देखा और हम दोनों ने धीमी आवाज में कुछ बातें कीं, ताकि किसी का ध्यान हमारी ओर न जाए’.

‘मुझे डायना के प्रति सहानुभूति रही और आज भी है’

कांग्रेस नेता ने कहा कि डायना से उनकी यह आखिरी मुलाकात थी.उन्होंने कहा कि दिवंगत राजकुमारी के बारे में काफी कुछ लिखा और कहा गया है. यहां तक कि आज भी उनके जीवन, विवाह और बच्चों पर सीरियल बन रहे हैं. उन्होंने कहा ‘उस समय डायना की काफी आलोचना होती थी. कहा जाता था कि वह बिगड़ैल और शिकायत करने वाली थीं, उनके पास सब कुछ था, फिर वह ऐसा व्यवहार क्यों कर रही थीं मानो उनके साथ अन्याय हुआ हो? मुझे कहना होगा कि उस पूरे दौर में मुझे उनके प्रति सहानुभूति रही और आज भी है’.