भारत एक ऐसी रेलवे परियोजना की योजना बना रहा है, जो पूरी होने पर दुनिया में नया रिकॉर्ड बना सकती है. हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर को लद्दाख के लेह से जोड़ने वाली प्रस्तावित बिलासपुरमनालीलेह रेललाइन पर समुद्र तल से 17,244 फीट की ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है. यह स्टेशन लद्दाख में तंगलांग ला दर्रे के पास टेंगला में बनाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह दुनिया का सबसे ऊंचाई पर स्थित रेलवे स्टेशन होगा. फिलहाल यह रिकॉर्ड चीन के तंगगुला रेलवे स्टेशन के नाम है.

प्रस्तावित रेलवे स्टेशन लद्दाख में तंगलांग ला दर्रे के पास टेंगला में बनाया जाना है. इसकी ऊंचाई समुद्र तल से करीब 5,256 मीटर यानी 17,244 फीट होगी. इतनी ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन का निर्माण अपने आप में बड़ी इंजीनियरिंग चुनौती होगी. इस स्टेशन के बनने से भारत चीन के मौजूदा रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकता है. चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र और छिंगहाई प्रांत की सीमा पर स्थित तंगगुला रेलवे स्टेशन समुद्र तल से लगभग 5,068 मीटर यानी 16,627 फीट की ऊंचाई पर है. फिलहाल इसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन माना जाता है.

प्रस्तावित भारतीय स्टेशन इससे करीब 188 मीटर अधिक ऊंचाई पर होगा. यानी भारत में बनने वाला स्टेशन दुनिया के मौजूदा सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन से भी काफी ऊपर स्थित होगा.

क्या है बिलासपुरमनालीलेह रेललाइन परियोजना?

बिलासपुरमनालीलेह रेलवे लाइन हिमालयी क्षेत्र में प्रस्तावित एक महत्वाकांक्षी रेल परियोजना है. इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर को मनाली के रास्ते लद्दाख के लेह से जोड़ना है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। प्रस्तावित रेल कॉरिडोर की लंबाई करीब 489 किलोमीटर होगी.

इस रेललाइन के बनने से हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के दुर्गम इलाकों तक रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा. अभी इन क्षेत्रों में सड़क मार्ग से यात्रा करना मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण चुनौतीपूर्ण होता है. खासकर सर्दियों में बर्फबारी और खराब मौसम के चलते कई रास्तों पर आवाजाही प्रभावित होती है.

रेल संपर्क विकसित होने से स्थानीय लोगों के साथसाथ पर्यटकों और सुरक्षा बलों को भी फायदा मिल सकता है. यह परियोजना देश की उत्तरी सीमा के करीब रेल नेटवर्क की पहुंच बढ़ाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

चीन के किस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ेगा भारत?

दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का मौजूदा रिकॉर्ड चीन के तंगगुला स्टेशन के नाम है. यह छिंगहाईतिब्बत रेलवे लाइन पर स्थित है. समुद्र तल से करीब 5,068 मीटर की ऊंचाई पर बने इस स्टेशन ने लंबे समय से यह रिकॉर्ड अपने नाम कर रखा है. ये परियोजना 62 सुरंगों से होकर गुजरेगी.

भारत की प्रस्तावित रेललाइन पर टेंगला स्टेशन को करीब 5,256 मीटर की ऊंचाई पर बनाने की योजना है. इस तरह यह चीन के स्टेशन से लगभग 188 मीटर ऊंचा होगा.

हालांकि, यह रिकॉर्ड तभी बनेगा जब परियोजना को मंजूरी मिलेगी और स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित ऊंचाई पर पूरा होगा.

1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रेल मंत्रालय ने बिलासपुरमनालीलेह रेललाइन का सर्वे पूरा कर लिया है और इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है.

हालांकि, DPR तैयार होने का मतलब यह नहीं है कि निर्माण कार्य शुरू होने की मंजूरी मिल गई है. परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए अभी जरूरी सरकारी मंजूरियां मिलना बाकी है.

पहाड़ों में रेललाइन बनाना क्यों है चुनौतीपूर्ण?

हिमालय का इलाका भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील और दुर्गम है. यहां ऊंचे पहाड़, गहरी घाटियां, कम तापमान और बर्फबारी जैसी परिस्थितियां निर्माण कार्य को मुश्किल बनाती हैं. इतनी अधिक ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन और रेललाइन तैयार करने के लिए विशेष इंजीनियरिंग तकनीक की जरूरत होगी. इसके अलावा, परियोजना की लागत, निर्माण में लगने वाला समय और पर्यावरण से जुड़े पहलू भी अहम होंगे.

फिलहाल बिलासपुरमनालीलेह रेललाइन एक प्रस्तावित परियोजना है. इसके लिए सर्वे और DPR तैयार हो चुकी है, लेकिन निर्माण की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है. यदि योजना को मंजूरी मिलती है और प्रस्तावित स्टेशन का निर्माण तय ऊंचाई पर होता है, तो भारत के नाम दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है.