बिहार पुलिस महकमे में खगड़िया के पूर्व एसपी भानू प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. पहले पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना, मारपीट, जबरन तलाक का दबाव बनाने और छह साल की बेटी से दूर रखने के आरोप लगाए थे. अब पुलिस ने भी पूजा सिंह के खिलाफ न्यायालय का रुख किया है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आवेदन देकर पूजा सिंह समेत सात लोगों और अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

थानाध्यक्ष के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:15 से 9:15 बजे तक पूजा सिंह एसपी के सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठी थीं. इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से 4 नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक दोबारा धरना देने का आरोप है.

पुलिस का कहना है कि एसपी आवास परिसर में गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय भी संचालित होते हैं. धरने की वजह से मुख्य द्वार पर आवाजाही प्रभावित हुई और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंची.

थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का आरोप

न्यायालय में दिए गए आवेदन में सबसे गंभीर आरोप थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, पूजा सिंह को गेट से हटने के लिए कहा गया तो वह कथित तौर पर उग्र हो गईं और थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की.

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूजा सिंह ने कहा कि उन्हें गोली मार दी जाए या उनका एनकाउंटर कर दिया जाए, लेकिन बेटी से मिलने की मांग पूरी होने तक वह किसी को अंदरबाहर नहीं जाने देंगी.

पुलिस ने पूजा सिंह की मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर समेत अन्य लोगों की भूमिका का भी जिक्र किया है.

पत्नी ने पति पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

दूसरी तरफ पूजा सिंह ने पटना के महिला थाने में शिकायत देकर अपने पति भानू प्रताप सिंह पर प्रताड़ना और जबरन तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने ससुर उत्तम सिंह, ननद जयमाला देवी और ननदोई भीम सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

पूजा का कहना है कि वर्ष 2025 में ससुराल वाले उनकी छह साल की बेटी विभा सिंह को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए थे. इसके बाद से उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है. वह तलाक नहीं चाहतीं और परिवार को दोबारा बसाना चाहती हैं.

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

भानू प्रताप सिंह और पूजा सिंह ने 16 जनवरी 2016 को प्रेम विवाह किया था. उस समय भानू सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. बाद में UPSC पास कर 2021 बैच के IPS अधिकारी बने. पूजा का आरोप है कि पति के अधिकारी बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आया और रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं.

मुख्यमंत्री आवास तक पहुंची थीं पूजा

पूजा सिंह 1 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर बेटी से मिलाने की गुहार लगा चुकी हैं. 2 नवंबर की रात उन्होंने पटना महिला थाने में शिकायत दी. इसके अगले दिन खगड़िया में एसपी आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं.

इसी बीच गृह विभाग ने 4 नवंबर को भानू प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उनकी जगह शैलेन्द्र सिंह को नया एसपी बनाया गया. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच मामले की न्यायिक कार्रवाई पर नजर है.