पश्चिम बंगाल में काली पूजा का विशेष महत्व है. यहां लोग काली पूजा बढ़ी उत्साह के साथ मनाते हैं. यहां आस्था और परंपरा का अनोखा नजारा भी देखने को मिलता है. पश्चिम बर्दमान में एक ऐसी जगह है जहां काली पूजा के अगले दिन जंगल के बीचों बीच पूजा की जाती है. न यहां कोई मंदिर है और न ही मां काली की कोई मूर्ति. इसके बावजूद घने जंगल के बीच हर साल हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. बर्दवान जिले के कांकसा के राजकुसुम गांव में, जहां करीब 500 वर्षों से वन काली की पूजा होती आ रही है.

दरअसल, यहां शाल और पियाल के घने जंगलों के बीच हर साल काली पूजा के अगले दिन वन काली की पूजा पूरे धूमधाम से आयोजित की जाती है. इस वर्ष भी सुबह से पूजा शुरू हुई और दोपहर तक चली. खास बात यह है कि इस पूजा में न तो किसी मूर्ति की स्थापना होती है और न ही किसी मंदिर में पूजा की जाती है. जंगल के बीच एक पेड़ के नीचे मां की आराधना की जाती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां आस्था और परंपरा का ऐसा ही अनोखा नजारा देखने को मिलता है.

जंगल के बीच होती है पूजा

कांकसा निवासी उत्तम केस ने बताया कि वह बचपन से ही इस पूजा को देखते आ रहे हैं. हर साल उसी परंपरा के अनुसार जंगल के बीच भव्य आयोजन होता है. केवल कांकसा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और दूरदराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजा करने पहुंचते हैं. कई भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं, तो कई मनोकामना पूरी होने के बाद मां के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए पूजा देने पहुंचते हैं. यहां किसी को निमंत्रण नहीं दिया जाता, फिर भी कुछ ही घंटों की पूजा में श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ उमड़ती है कि दूरदूर तक केवल लोगों के सिर ही नजर आते हैं.

500 साल पुरानी परंपरा

राजकुसुम गांव के राय परिवार के सदस्य सनत कुमार राय ने बताया कि इस पूजा की शुरुआत उनके पूर्वजों ने की थी. पहले जंगल के अंदर मां काली की मूर्ति लाकर पूजा की जाती थी. उस समय पूजा कराने के लिए कांकसा के गोपालपुर गांव के भट्टाचार्य परिवार के पुरोहित को जंगल में लाया जाता था. पुरोहित की सुरक्षा के लिए उनके साथ लाठीधारी भी रहते थे.

उस दौर में पूरे इलाके में धान की खेती होती थी और आने जाने के लिए उचित सड़कें भी नहीं थीं. इसके अलावा जंगल में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता था. ऐसे में खेतों की मेड़ों से होकर लाठीधारियों की सुरक्षा में पुरोहित को जंगल तक लाया जाता था.

स्वप्न में देवी ने दिए थे दर्शन

बताया जाता है कि एक साल भारी बारिश के कारण खेतों की मेड़ों से होकर जंगल तक पहुंचना काफी मुश्किल हो गया था. उसी दौरान पुरोहित को स्वप्नादेश हुआ. मान्यता के अनुसार, मां काली ने उन्हें अपने घर में ही पूजा करने का निर्देश दिया. करीब 100 साल पहले इस निर्देश के बाद गोपालपुर गांव के भट्टाचार्य परिवार में काली पूजा के दिन मां की मूर्ति स्थापित कर पूजा शुरू की गई, जो आज भी जारी है.

हालांकि, पुरोहित के मन में एक सवाल था कि जब जंगल में मां की मूर्ति नहीं होगी, तो वहां किस स्वरूप में पूजा की जाएगी? मान्यता है कि मां ने स्वप्न में बताया कि जंगल में एक पेड़ के तने पर आंखों जैसी दो आकृतियां दिखाई देंगी और वह उसी पेड़ में विराजमान रहेंगी. वहां बिना किसी मूर्ति के पूजा होगी और भक्त खुद ही मां के दर्शन के लिए पहुंचेंगे.

पेड़ों में दिखाई देती हैं देवी मां

इसी मान्यता और परंपरा के अनुसार आज भी काली पूजा के अगले दिन राजकुसुम गांव के घने जंगल में वन काली की पूजा आयोजित की जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल में स्थित पूजा स्थल के आसपास कई पेड़ों के तनों पर आंखों जैसी आकृतियां दिखाई देती हैं, जिन्हें भक्त मां की उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं. श्रद्धालु यहां परिवार की सुखशांति, समृद्धि और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं.

इस पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां न कोई मंदिर है, न कोई मूर्ति और न ही श्रद्धालुओं को बुलाने के लिए निमंत्रण भेजा जाता है. इसके बावजूद हर साल हजारों लोग मां वन काली की महिमा सुनकर खुद ही जंगल की ओर खिंचे चले आते हैं. करीब पांच शताब्दियों से चली आ रही यह अनोखी परंपरा आज भी लोगों की आस्था और विश्वास को उसी तरह जीवित रखे हुए है.

रिपोर्ट संतोष कुमार मंडल, पश्चिम बर्दमान