बिहार के सारण जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में 9 महीने की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए. हादसा गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के पास देर रात हुआ. यहां छपरा से सवारियों को लेकर गड़खा जा रहे टेंपो को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, टेंपो में कई यात्री सवार थे. भैंसमारा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े. क्षतिग्रस्त टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया.

मृतकों में 15 साल का किशोर और 9 महीने की बच्ची

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार राम की 26 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा निवासी भोला प्रसाद के 15 वर्षीय बेटे अमन कुमार और भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा स्थित आशुतोष लेन निवासी सुरेंद्र प्रसाद के 25 वर्षीय बेटे आशीष कुमार के रूप में हुई है. चौथी मृतक अनु कुमारी की 9 महीने की निशु कुमारी है.

दुर्घटना में विशाल कुमार राम और एक बच्ची समेत अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों को भैंसमारा स्थित श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है. डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं. हालांकि, सभी घायलों की पहचान और उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है.

डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के दौरान डायल 112 पुलिस की गाड़ी वहां से गुजर रही थी. दुर्घटना देखकर अंकित कुमार सिंह ने तत्काल घायलों की मदद की. उन्होंने बच्चों समेत घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें घायलों को अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है.

घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. ट्रक चालक के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.