Greater Noida News: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित डिजाइन आर्च सोसायटी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. सोसायटी की बिल्डिंग से गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. हादसे के बाद परिजन आननफानन में किशोर को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रणविजय ढाका पुत्र तरुण कुमार ढाका के रूप में हुई है. रणविजय अपने परिवार के साथ डिजाइन आर्च सोसायटी में रहता था. शनिवार को उसके बिल्डिंग से नीचे गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। किशोर की मौत से परिवार में शोक का माहौल है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना किन परिस्थितियों में हुई और किशोर बिल्डिंग से कैसे गिरा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. इसके लिए परिजनों से भी पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटा रही है. हालांकि, अभी तक घटना के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना से सोसाइटी में भी शोक का माहौल है.



