बिहार के वैशाली जिले में जमीन और मकान के विवाद में बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना करताहा थाना क्षेत्र के धनुषी गांव की है. मृतक की पहचान सोमनाथ सिंह के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी बड़ा भाई सुरेश प्रसाद सिंह सेना का पूर्व जवान बताया जा रहा है. वारदात के बाद आरोपी पिस्टल लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है.

सुरेश सिंह और सोमनाथ सिंह एक ही मकान में रहते थे, जबकि उनका तीसरा भाई कृष्णा सिंह अलग मकान बनाकर रहता है. सुरेश और सोमनाथ के बीच जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन दोनों भाइयों के बीच सहमति नहीं बन सकी.
बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद के चलते दोनों के बीच तनाव बना हुआ था. शुक्रवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में सोमनाथ सिंह की जान चली गई. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
पांच खोखे बरामद, शरीर पर मिले दो जख्म
घटना की सूचना मिलने पर सदर SDPO2 गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. करताहा थाने की पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए गए हैं. वहीं, मृतक के शरीर पर दो जख्म के निशान मिले हैं.
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी बताई जा रही है. हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम और गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
SSP कार्यालय पहुंचकर आरोपी ने किया सरेंडर
गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी सुरेश प्रसाद सिंह पिस्टल लेकर SSP शुभांक मिश्रा के कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद करताहा थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है. हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
सदर SDPO2 गोपाल मंडल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जमीन और मकान के विवाद में सुरेश प्रसाद सिंह ने अपने सगे भाई सोमनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा शव
पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है. मामले में जमीन विवाद के पुराने कारणों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है.
गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है. जिस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत हुई, उसका समाधान नहीं निकल सका और आखिरकार मामला हत्या तक पहुंच गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.



