Delhi News: दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल से 24 लाख की ठगी का मामला सामने आया. इस केस में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना पुलिस की जांच जैसेजैसे आगे बढ़ी, चौंकाने वाले खुलासे होने लगे. तफ्तीश के दौरान सामने आया कि आरोपी के जाल में दिल्ली पुलिस की सिर्फ एक नहीं, बल्कि एक ही बैच की करीब 20 महिला कांस्टेबल फंसी हुई थीं. ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले आरोपी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बागपत से गिरफ्तार कर लिया है.

साइबर पुलिस की जांच में ठगी के इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है. जांच में सामने आया है कि आरोपी विक्रांत ने एक ही बैच की लगभग 20 महिला कांस्टेबलों को अपना निशाना बनाया और उन्हें अपने जाल में फंसाया. लोकलाज और प्रशासनिक झिझक के कारण कई पीड़ित महिला कांस्टेबलों ने अब तक आधिकारिक तौर पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है. आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए महिला कांस्टेबलों से दोस्ती की और खुद को क्रिकेट जगत का बड़ा सितारा व नामचीन हस्ती बताकर झांसा दिया.
जमापूंजी के साथ 12 लाख का लोन; 1xBet के जरिए कराया ट्रांसफर
पीड़िता को भारी मुनाफे का लालच देकर उसकी जिंदगी भर की कमाई लूट ली गई. आरोपी के झांसे में आकर मुख्य पीड़िता ने अपनी पूरी लाइफ सेविंग्स लगा दी, 12 लाख का पर्सनल लोन लिया और रिश्तेदारों से भी पैसे उधार लेकर आरोपी को दे दिए. आरोपी ने पीड़िता से करीब 8 लाख की रकम चर्चित ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1x.com से जुड़े संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांसफर कराई. पीड़िता का आरोप है कि पैसे ऐंठने के अलावा जब उसने आरोपी से मुलाकात की, तो आरोपी ने उसके साथ गंभीर बदसलूकी और अभद्रता भी की.
बागपत से धरा गया आरोपी, बैंक खातों और अन्य शिकारों की जांच जारी
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल टीम ने सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर आरोपी को धर दबोचा. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को उसके बागपत स्थित पते से दबोच लिया. दिल्ली पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और सोशल मीडिया चैट्स को खंगाल रही है, ताकि ठगी का शिकार हुईं अन्य महिला कांस्टेबलों के बयान दर्ज कर इस व्यापक साइबर क्राइम नेटवर्क की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके.



