इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला शुरू होने से पहले भारतीय टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर अंतिम अभ्यास सत्र किया। हालांकि इस अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों की तैयारी से ज्यादा एक अलग दृश्य चर्चा का विषय बन गया। मुख्य कोच गौतम गंभीर और वरिष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली पूरे अभ्यास सत्र में एकदूसरे से बातचीत करते नजर नहीं आए, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बता दें कि भारत का हालिया टी20 दौरा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम को पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की श्रृंखला में 20 से हार मिली, जबकि इसके बाद इंग्लैंड ने चार मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत का 40 से सफाया कर दिया। ऐसे में अब टीम की नजर एकदिवसीय श्रृंखला में वापसी करने पर टिकी हुई हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार अभ्यास सत्र में भारतीय टीम के सभी 15 खिलाड़ी शामिल हुए। एकदिवसीय टीम के कप्तान शुभमन गिल, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, विराट कोहली और पूरी गेंदबाजी इकाई ने नियमित अभ्यास किया। चोटिल हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किए गए युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी पहली बार टीम के साथ अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण पर काम किया। श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजी का अभ्यास नहीं किया, जबकि बाकी बल्लेबाजों ने नेट्स में काफी समय बिताया। विराट कोहली ने भी लंबा बल्लेबाजी अभ्यास किया और इसके बाद बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ काफी देर तक चर्चा करते नजर आए। बातचीत के दौरान कोहली कई बार हाथों के इशारों से अपनी बात समझाते दिखाई दिए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि दोनों तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से बात कर रहे थे।
गौरतलब है कि पूरे अभ्यास सत्र के दौरान गौतम गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और सहयोगी स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ कई बार लंबी चर्चा की। हालांकि विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच किसी भी समय सीधी बातचीत दिखाई नहीं दी। यह भी संभव है कि बल्लेबाजी से जुड़े कुछ सुझाव सितांशु कोटक के माध्यम से कोहली तक पहुंचाए गए हों, लेकिन मैदान पर दोनों के बीच कोई प्रत्यक्ष संवाद नजर नहीं आया।
अभ्यास के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण पल तब देखने को मिला जब गौतम गंभीर और शुभमन गिल काफी देर तक पिच के पास खड़े होकर परिस्थितियों का जायजा लेते रहे। माना जा रहा है कि दोनों पहले एकदिवसीय मुकाबले की रणनीति और पिच के व्यवहार पर चर्चा कर रहे थे। इसके अलावा गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा के साथ भी लंबी बातचीत की। रोहित ने पहले क्षेत्ररक्षण का अभ्यास किया और उसके बाद नेट्स में सहायक गेंद फेंकने वाले विशेषज्ञों की गेंदों का सामना करते हुए बल्लेबाजी की तैयारी पूरी की।
अब सभी की नजर एजबेस्टन में होने वाले पहले एकदिवसीय मुकाबले पर टिकी हैं। लगातार टी20 हार के बाद भारतीय टीम इस श्रृंखला में जीत के साथ नई शुरुआत करना चाहेगी, जबकि अभ्यास सत्र के दौरान दिखे कुछ दृश्य मैच से पहले चर्चा का विषय जरूर बने हुए हैं।