BSE Recruitment: एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई लिमिटेड में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. एक्सचेंज ने अपने सबसे बड़े पद यानी मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू कर दी है. इसके लिए बीएसई ने आधिकारिक तौर पर आवेदन भी मंगा लिए हैं. ये पूरी कवायद इसलिए हो रही है क्योंकि बीएसई के मौजूदा प्रमुख सुंदररामन राममूर्ति अगले साल रिटायर होने जा रहे हैं. 15 जून 2027 को उनकी उम्र 65 साल पूरी हो जाएगी, जो इस पद से रिटायरमेंट की तय उम्र है. यही वजह है कि समय रहते एक्सचेंज ने अपने नए बॉस को ढूंढने की प्रक्रिया तेज कर दी है.

अनुभव के साथ उम्र की सीमा भी तय

बीएसई ने इस पद के लिए जो विज्ञापन जारी किया है, उसमें उम्मीदवार के अनुभव को लेकर साफ शर्तें रखी गई हैं. आवेदन करने वाले शख्स के पास कम से कम 20 साल का प्रोफेशनल अनुभव होना चाहिए. इसमें से कम से कम 5 साल किसी सीनियर लीडरशिप रोल में काम करने का तजुर्बा होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2027 तक 62 साल से कम होनी चाहिए. एक्सचेंज को ऐसे इंसान की तलाश है जिसे कैपिटल मार्केट की गहरी समझ हो.

डिजिटल बदलाव पर रहेगा जोर

आज के दौर में शेयर बाजार पूरी तरह टेक्नोलॉजी पर निर्भर है. बीएसई ने साफ किया है कि नए लीडर को टेक्नोलॉजी के अलावा डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की भी मजबूत समझ होनी चाहिए. उम्मीदवार में ऐसी काबिलियत होनी चाहिए कि वो टेक्नोलॉजी से जुड़ी नई पहलों को लीड कर सके. साथ ही कामकाज को और बेहतर बना सके. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एक्सचेंज एक ऐसे मार्केटसेवी लीडर को ढूंढ रहा है जिसकी सोच एक एंटरप्रेन्योर जैसी हो. वो नियमों के दायरे में रहकर नए तरीकों से कंपनी की ग्रोथ को आगे बढ़ा सके. चुने गए उम्मीदवार को इंडस्ट्री के स्टैंडर्ड के हिसाब से ही सैलरी व अन्य सुविधाएं मिलेंगी.

सेबी के नियमों तक का रखा जाएगा ध्यान

इस टॉप पोस्ट के लिए उम्मीदवार का एजुकेशनल बैकग्राउंड भी काफी मजबूत होना चाहिए. किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएशन की डिग्री या प्रोफेशनल योग्यता होना जरूरी है. बीए, बीकॉम, सीए, एमबीए, एलएलबी, बीटेक या इसके बराबर की डिग्री वाले लोग इसके लिए योग्य माने गए हैं. चुने गए उम्मीदवार को कंपनी एक्ट के साथ भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के सभी नियमों पर खरा उतरना होगा. जहां भी जरूरत होगी, वहां संबंधित अधिकारियों से मंजूरी या नोऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी लेना होगा.

कब तक कर सकते हैं आवेदन

सेबी की मौजूदा गाइडलाइंस के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति को अधिकतम दो कार्यकाल के लिए एमडी और सीईओ नियुक्त किया जा सकता है. हर कार्यकाल अधिकतम 5 साल का होता है. हालांकि इसमें 65 साल की अधिकतम उम्र सीमा की शर्त भी लागू रहती है. इस पद के लिए आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 19 नवंबर 2026 तय की गई है. बात अगर मौजूदा सीईओ सुंदररामन राममूर्ति की करें, तो उन्होंने 4 जनवरी 2023 को बीएसई के एमडी और सीईओ का पद संभाला था. उन्होंने आशीषकुमार चौहान की जगह ली थी, जो इस वक्त नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एमडी और सीईओ हैं.