रिलायंस ग्रुप की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO ने इन्वेस्टर पार्टिसिपेशन के मामले में नया ग्लोबल रिकॉर्ड बनाया है. इस IPO के लिए 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले हैं. इसके साथ ही जियो ने अब तक सबसे ज्यादा आवेदन पाने वाले IPO का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के पास था, जिसे करीब 97 लाख आवेदन मिले थे. बजाज हाउसिंग फाइनेंस और BCCL जैसे भारतीय IPO ने भी आवेदन के मामले में रिकॉर्ड बनाए थे, जिनमें से प्रत्येक को लगभग 90 लाख आवेदन मिले थे.

23 अक्टूबर को बंद होने जा रहे इस IPO को निवेशकों की सभी कैटेगरी से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 12:36 बजे तक इस IPO को ऑफर किए गए 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 147.98 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी थीं. इस तरह IPO कुल 7.49 गुना सब्सक्राइब हुआ था.

संस्थागत निवेशकों ने दिखाई सबसे ज्यादा दिलचस्पी

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO में सबसे ज्यादा मांग बड़े संस्थागत निवेशकों यानी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की ओर से आई. इस कैटेगरी में तय शेयरों के मुकाबले 16.06 गुना बोलियां मिलीं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, गैरसंस्थागत निवेशकों की कैटेगरी 10.14 गुना सब्सक्राइब हुई. रिटेल इन्वेस्टर्स की कैटेगरी में 2.10 गुना आवेदन मिले. इस मजबूत मांग के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बनने की ओर बढ़ रहा है. इसका इश्यू साइज हुंडई मोटर इंडिया के 27,859 करोड़ रुपये के IPO से भी बड़ा है.

इश्यू साइज, प्राइस बैंड और लिस्टिंग की तारीख

जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO कुल 30,213 करोड़ रुपये का है. इसमें कंपनी 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी कर रही है. इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से शेयर बेचने का कोई प्रस्ताव शामिल नहीं है. IPO के लिए एक शेयर का प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये तय किया गया है. अपर प्राइस के आधार पर कंपनी मार्केट कैप करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये बैठता है. रिटेल निवेशकों को कम से कम 12 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा. 1,119 रुपये प्रति शेयर की ऊपरी कीमत के हिसाब से न्यूनतम निवेश 13,428 रुपये होगा. निवेशक 12 शेयरों के गुणकों में आवेदन कर सकते हैं. शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को फाइनल होने की उम्मीद है, जबकि BSE और NSE पर इनकी लिस्टिंग 28 अक्टूबर को प्रस्तावित है.

ग्रे मार्केट में भी दिखी तेजी

IPO को लेकर ग्रे मार्केट में भी निवेशकों की दिलचस्पी दिखाई दी. 22 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के अनलिस्टेड शेयर करीब 1,368 रुपये पर कारोबार करते बताए गए. यह IPO के ऊपरी प्राइस बैंड 1,119 रुपये से करीब 249 रुपये ज्यादा है. इस आधार पर ग्रे मार्केट प्रीमियम लगभग 22.25% था. हालांकि, निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि ग्रे मार्केट अनियमित होता है. वहां मिलने वाला प्रीमियम लिस्टिंग के दिन शेयर की कीमत या मुनाफे की गारंटी नहीं देता.