Pakur murder case: झारखंड के पाकुड़ में करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने के लालच में हत्या की एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है. यहां मालीपाड़ा स्थित बंद पत्थर खदान से मिले एक शख्स के शव के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की नजर एक सरकारी कर्मचारी की करोड़ों की संपत्ति पर थी. इस संपत्ति का वारिस बनने की राह में मृतक मंटू दास को रोड़ा माना जा रहा था. आरोप है कि इसी वजह से उसकी हत्या कर शव को मोटरसाइकिल के साथ खदान में फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा लगे.

पाकुड़ के एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर को नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित एक बंद खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक की पहचान और हत्याकांड का खुलासा करने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया.

करोड़ों की संपत्ति पर थी नजर

पुलिस ने मृतक की पहचान दुमका जिले के रहने वाले मंटू दास के रूप में की. वह वर्तमान में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में रह रहे थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड मकान मालिक आलोक मुर्मू है. मृतक मंटू दास का साला साबिर सोरेन पशुपालन विभाग में सरकारी कर्मचारी है और उसके पास करोड़ों की संपत्ति बताई गई है. साबिर का कोई वारिस नहीं था और मंटू दास ही उसकी देखभाल करता था.

जांच में सामने आया कि आलोक मुर्मू की नजर साबिर की संपत्ति पर थी. आरोप है कि मंटू दास के रहते संपत्ति पर कब्जा करना मुश्किल था. इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई, ताकि बाद में साबिर का विश्वास जीतकर उसकी संपत्ति पर अधिकार जमाया जा सके.

पहले दोस्ती की, फिर कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले मंटू दास से दोस्ती की. इसके बाद खानेपीने के बहाने उसे शराब पिलाई गई. आरोप है कि नशे की हालत में कुल्हाड़ी और लोहे के हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को रस्सी से उसकी पल्सर मोटरसाइकिल के साथ बांधा गया और मालीपाड़ा की बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया. आरोपियों की योजना थी कि घटना को हादसा समझा जाए और किसी को हत्या का शक न हो.

तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने मामले में आलोक मुर्मू, प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिन्स हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों की निशानदेही पर खदान के पानी से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, हथौड़ा और मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई. इसके अलावा रस्सी, खून लगे कपड़े, झोला और अन्य सामान भी जब्त किया गया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.