ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि बहू को बचाने पहुंचे 85 वर्षीय बुजुर्ग ससुर की धक्का लगने से मौत हो गई। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

दीवार पीछे करने की बात पर शुरू हुई बहस
जानकारी के अनुसार, विवाद घर के सामने बनाई जा रही दीवार को लेकर शुरू हुआ था। शिकायतकर्ता मधु बाला ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी घर के सामने दीवार बना रहे थे।
उन्होंने पड़ोसियों से दीवार को थोड़ा पीछे हटाकर बनाने की बात कही, लेकिन इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मामला बढ़ता देख पंचायत के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाकर विवाद शांत करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
बहू को बचाने पहुंचे ससुर को भी धक्का देने का आरोप
मधु बाला का आरोप है कि बहस के दौरान पड़ोसी महिला ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जब उनके 85 वर्षीय ससुर बहू को बचाने और झगड़ा शांत करवाने के लिए आगे आए, तो आरोप है कि महिला ने उन्हें भी धक्का दे दिया। इससे बुजुर्ग को चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद अंब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मधु बाला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। बुजुर्ग की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।



