भारतीय मानक ब्यूरो , गाजियाबाद शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में SRM इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, दिल्लीएनसीआर परिसर, मोदीनगर, गाजियाबाद में बीआईएस मानक कार्निवल 2026, राइडर सेफ्टी बाइक रैली एवं हेलमेट बैंक के शुभारंभ का भव्य आयोजन किया गया.

में कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, बी. एल. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्वेता मिश्रा, आईआरएस; तथा उप महानिदेशक सहित बीआईएस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.

दोपहिया चालक सुरक्षा अभियान को विशेष समर्थन देने के लिए हेलमेट मैन ऑफ इंडिया श्री राघवेंद्र कुमार सहित सुरक्षा बलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बाइक रैली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा भारतीय सेना के जवानों एवं प्रतिनिधियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया.

350 से अधिक बाइक राइडर्स ने दिया सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राइडर सेफ्टी बाइक रैली रही, जिसमें 350 से अधिक बाइक राइडर्स ने भाग लिया. रैली एसआरएम विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर दुहाई आरआरटीएस स्टेशन तक गई और निर्धारित मार्ग से वापस विश्वविद्यालय परिसर पहुँची.

रैली के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा भारतीय मानकों के अनुरूप हेलमेट का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया. अभियान का संदेश था—

हेलमेट में ISI मार्क हो यार, तभी राइड बनेगी शानदार

बीआईएस द्वारा हेलमेट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और गैरमानक उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं. इनमें विक्रेताओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम, संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई, विद्यालयों में सुरक्षा संबंधी सत्र तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षात्मक हेलमेट से संबंधित भारतीय मानक आईएस 4151 पर जागरूकता गतिविधियाँ शामिल हैं.

विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए हेलमेट बैंक

विद्यार्थियों में सुरक्षित वाहन संचालन की आदत विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया गया. इसका उद्देश्य आवश्यकता अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में विद्यार्थियों को हेलमेट उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान करना है, ताकि हेलमेट के अभाव में असुरक्षित यात्रा करने की स्थिति से बचा जा सके.

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि हेलमेट केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए एक आवश्यक साधन है.

40 से अधिक स्टॉलों पर मानकों का प्रदर्शन

मानक कार्निवल में उद्योगों, परीक्षण प्रयोगशालाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों के 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए. इन स्टॉलों के माध्यम से उत्पाद गुणवत्ता, भारतीय मानकों, बीआईएस प्रमाणन, परीक्षण प्रक्रियाओं, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता हितों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई.

कार्निवल ने विद्यार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों को मानकीकरण की प्रक्रिया को समझने तथा दैनिक जीवन में गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के चयन के महत्व से परिचित होने का अवसर प्रदान किया.

बीआईएस और एसआरएम विवि के बीच समझौता

कार्यक्रम के दौरान भारतीय मानक ब्यूरो, गाजियाबाद शाखा कार्यालय तथा एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. इस सहयोग का उद्देश्य मानकीकरण एवं गुणवत्ता जागरूकता को बढ़ावा देना तथा शैक्षणिक संस्थान और बीआईएस के बीच संयुक्त गतिविधियों के अवसर विकसित करना है.

इस पहल से विद्यार्थियों को भारतीय मानकों, गुणवत्ता आश्वासन और उपभोक्ता जागरूकता के विषयों से जोड़ने में सहायता मिलेगी.

गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता

कार्यक्रम में वक्ताओं ने गुणवत्ता, मानकीकरण और दोपहिया चालक सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि जागरूक नागरिक, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सुरक्षित व्यवहार एक मजबूत एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं.

बीआईएस द्वारा स्टैंडर्ड क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्योगों, आवासीय कल्याण संघों और विभिन्न समुदायों के साथ मिलकर मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं. मानक कार्निवल इसी अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच बना.

कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा— मानक हैं, तो सही है!

भारतीय मानक ब्यूरो गुणवत्ता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा भारतीय मानकों के अनुरूप उत्पादों और सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है.