Featured Image

राजगढ़ | मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पिछले सात दिनों से लापता 17 साल की एक नाबालिग लड़की का सिर कटा शव मलावर थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ है। शव बेहद खराब हालत में मिला है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस युवक पर लड़की को भगाकर ले जाने का शक था, उसकी भी उसी दिन सड़क दुर्घटना में जान जा चुकी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

30 सितंबर से लापता थी लड़की

मामले की शुरुआत 30 सितंबर को हुई थी, जब परिजनों ने राजगढ़ कोतवाली में नाबालिग के अचानक गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार वालों ने जामोन्या गणेश के रहने वाले अनुराग उर्फ अंकित पर शक जताया था। पुलिस जब अनुराग की तलाश कर रही थी, तभी खबर आई कि मलावर क्षेत्र में पगारी बंग्ला के पास उसकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई और हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साइबर टीम, कॉल डिटेल और लोकेशन के जरिए जंगल पहुंची पुलिस

युवक की मौत के बाद मामला और उलझ गया था। इसके बाद राजगढ़ पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया, तो युवक की आखिरी लोकेशन मलावर के जंगलों में मिली। पुलिस टीम ने जब जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया, तो करीब 7 दिन बाद लड़की का शव मिला। घटनास्थल से पुलिस को एक आरी और पेड़ पर लटकी हुई रस्सी भी बरामद हुई है, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।

रिश्तेदार ने खोला राज

जाँच के दौरान पुलिस अनुराग के एक रिश्तेदार तक पहुँची। पूछताछ में रिश्तेदार ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन अनुराग लड़की को अपने साथ जंगल की तरफ ले गया था। वहाँ से लौटने के बाद उसने कथित तौर पर बताया था कि उसने लड़की को मार दिया है और अब वह दूर जा रहा है। इसके कुछ ही देर बाद अनुराग सड़क हादसे का शिकार हो गया। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आ रही है।

पुलिस जोड़ रही है हर एक कड़ी

इस पूरे घटनाक्रम में कोई सीधा चश्मदीद नहीं है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पहले अपहरण की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी। अब जंगल से शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स, मौके से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सकें।