अमेरिकी ईकॉमर्स कंपनी अमेजन ने करीब 1,000 कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कर दी हैं. इस छंटनी का असर भारत, अमेरिका और ब्रिटेन में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी पड़ा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने यह फैसला अपने रिटेल बिजनेस में बदलाव के तहत लिया है. खास बात यह है कि अमेजन की यह छंटनी ऐसे समय हुई है, जब कंपनी की सेल चल रही है.

रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी का सबसे ज्यादा असर अमेजन के स्टोर्स डिवीजन पर पड़ा है. यही यूनिट कंपनी के मुख्य ऑनलाइन शॉपिंग कारोबार को संभालती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कंपनी ने करीब 1,000 पद खत्म करने की पुष्टि की है. अमेजन के एक प्रवक्ता ने कहा कि स्टोर्स बिजनेस के कुछ हिस्सों में बदलाव किया गया है, ताकि कंपनी अपनी प्राथमिकताओं पर बेहतर तरीके से काम कर सके.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव का असर कस्टमर सर्विस और सेलिंग पार्टनर सर्विस जैसी टीमों पर भी पड़ा है.भारत, अमेरिका और ब्रिटेन में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों को नौकरी खत्म होने की सूचना दी गई है.
कोरोना महामारी में बढ़ाई थी कर्मचारियों की संख्या
अमेजन की यह छंटनी कंपनी में पहले से चल रहे जॉब कट का हिस्सा है. इससे पहले कंपनी 30,000 से ज्यादा कर्मचारियों की बड़ी छंटनी कर चुकी है. अमेजन के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जेफ बेजोस ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग बढ़ने की वजह से कंपनी ने बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी पर रखा था. बाद में कर्मचारियों की संख्या कम करने की जरूरत पड़ी.
AI पर निवेश बढ़ रही कंपनी
दिलचस्प बात यह है कि अमेजन एक तरफ कर्मचारियों की संख्या घटा रही है, वहीं दूसरी तरफ AI पर भारी निवेश की तैयारी कर रही है. कंपनी डेटा सेंटर, चिप्स और AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 220 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है. इस निवेश का बड़ा हिस्सा Amazon Web Services और AI से जुड़े कामों में जाने की उम्मीद है.



