Rajasthan Drug Bust: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जवाहरनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से करीब 500 ग्राम मेथाम्फेटामाइन बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

पुलिस ने आरोपी को पहले एक पिस्तौल और 47 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. रिमांड के दौरान पुलिस को आरोपी के घर में नशीला पदार्थ छिपाकर रखे होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर उसके घर पहुंची और तलाशी के दौरान करीब 500 ग्राम आइस ड्रग बरामद की.

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

जवाहरनगर थाना के उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी को आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था. पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 500 ग्राम मेथाम्फेटामाइन बरामद हुई. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थ की सप्लाई और इसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

पुलिस जांच में आरोपी के कथित तौर पर विदेश में बैठे कुछ तस्करों के संपर्क में होने की जानकारी भी सामने आई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग की खेप कहां से आई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.

3 अक्टूबर को हथियारों के साथ पकड़ा था आरोपी

पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को जवाहरनगर थाना पुलिस ने गुरविन्द्र सिंह पुत्र मलकित सिंह , निवासी चक महाराजका को गिरफ्तार किया था. उसके कब्जे से एक पिस्तौल और 47 कारतूस बरामद किए गए थे. इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच उप निरीक्षक नरेश कुमार को सौंपी गई थी. रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अब नशीले पदार्थ की यह बड़ी बरामदगी की है.

पुलिस बरामद ड्रग के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है. कार्रवाई उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में की गई. टीम में कांस्टेबल वीरेंद्र गोदारा, दलीप और रामकुमार के साथ डीएसटी टीम के संदीप जाखड़ शामिल रहे. पुलिस अब बरामद मेथाम्फेटामाइन के स्रोत, सप्लाई चैन और आरोपी के कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.