इटली की लग्जरी स्पोर्ट्स कार निर्माता Ferrari ने करीब 14 साल बाद एक बार फिर मैन्युअल ड्राइविंग का अनुभव देने वाली कार पेश की है. कंपनी ने 12Cilindri Manuale लिमिटेड एडिशन से पर्दा उठाया है. खास बात यह है कि इससे पहले मैन्युअल ट्रांसमिशन वाली Ferrari की आखिरी कार California Roadster थी, जिसे करीब डेढ़ दशक पहले लॉन्च किया गया था.

यह नई सुपरकार बेहद लिमिटेड होगी. कंपनी इसकी सिर्फ 1,499 यूनिट बनाएगी. इसकी शुरुआती कीमत 5,90,000 यूरो रखी गई है. यानी यह कार सिर्फ चुनिंदा ग्राहकों के लिए ही उपलब्ध होगी.
दमदार इंजन
Ferrari अपनी हाईपरफॉर्मेंस कारों के लिए जानी जाती है और नई 12Cilindri Manuale भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाती है. इसमें 6.5लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड V12 पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 9,500 rpm पर 830 hp की पावर और 678 Nm का टॉर्क पैदा करता है. हालांकि इसमें पारंपरिक मैन्युअल गियरबॉक्स नहीं दिया गया है. रेगुलर 12Cilindri में मिलने वाले 8स्पीड डुअलक्लच ऑटोमैटिक की जगह Ferrari ने ‘Manuale ByWire’ तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे ड्राइवर को असली मैन्युअल कार जैसा अनुभव मिलता है.
स्पीड में कोई समझौता नहीं
मैन्युअल ड्राइविंग का अनुभव देने के बावजूद कार की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई है. Ferrari 12Cilindri Manuale महज 2.9 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, जो स्टैंडर्ड DCT मॉडल के बराबर है. इसका कारण यह है कि लॉन्च कंट्रोल केवल ऑटोमैटिक मोड में काम करता है, जहां सभी 8 गियर इस्तेमाल होते हैं. यही अतिरिक्त दो गियर कार की 340 किमी/घंटा की टॉप स्पीड बनाए रखने में भी मदद करते हैं.
इंटीरियर और फीचर्स
कार के केबिन में सबसे बड़ा बदलाव नया मैन्युअल गियर लीवर है. इसे एल्युमिनियम फिनिश के साथ तैयार किया गया है और इसका डिजाइन Ferrari की पुरानी मैन्युअल स्पोर्ट्स कारों से प्रेरित है. ग्राहक इसे सिल्वर या ब्लैक रंग में चुन सकते हैं. सीट्स के लिए कम्फर्ट और रेसिंग दोनों विकल्प मिलते हैं. इनमें 6 वर्टिकल ग्रूव वाला खास डिजाइन दिया गया है, जो Manuale मॉडल की अलग पहचान बनाता है. इसके अलावा कार में पहले की तरह तीन डिजिटल स्क्रीन वाला डैशबोर्ड भी मिलता है, जिससे आधुनिक तकनीक और क्लासिक मैन्युअल ड्राइविंग का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है.



