मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कई शहरों में प्रदर्शन किया. लखनऊ से लेकर रायबरेली और सहारनपुर तक प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. कहीं पुतला फूंका गया तो कहीं पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई. आगरा में CEC के आवास के बाहर आपत्तिजनक नारे लिखे जाने की भी खबर है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन्हें हटाया और जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ में समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. हजरतगंज चौराहे पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने CEC का पुतला भी फूंका. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. समाजवादी युवजन सभा के नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई.

सपा नेताओं का प्रदर्शन

रायबरेली

अब तस्वीर रायबरेली की… कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने तिलक भवन कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला. हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेसियों ने डीएम कार्यालय के सामने अपना विरोध दर्ज कराया.

सहारनपुर

सहारनपुर में प्रदर्शन के दौरान मामला और गरमा गया. CEC ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोक दिया. पुलिस ने पोस्टर को विवादित बताते हुए उसे हटाने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. आरोप है कि एक कांग्रेस नेता ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा समेत कुछ नेताओं के कपड़े फट गए.

सहारनपुर में पुलिस के साथ धक्कामुक्की

कांग्रेसी पोस्टर जलाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया. कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के कलेक्ट्रेट गेट पर चढ़ने और गेट तोड़ने की कोशिश की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

आगरा

आगरा में भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध देखने को मिला. हरिपर्वत क्षेत्र में स्थित उनके आवास के बाहर अज्ञात लोगों ने विरोध में आपत्तिजनक नारे लिख दिए. गेट पर कालिख पोते जाने की भी खबर है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने गेट पर लिखे गए स्लोगन को तत्काल पेंट से हटवाया. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. घटना के बाद CEC के आवास के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

लखनऊ

उधर, लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. लालबाग से निर्वाचन आयोग का घेराव करने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया. प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई.