“शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अचानक आंगन से मम्मी के जोरजोर से चीखने की आवाज आई. मैं अपने छोटे भाईबहन के साथ कमरे में सो रहा था. चीख सुनकर हम सब जाग गए. मैं तुरंत कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर भागा, तो सामने का मंजर देखकर मेरी रूह कांप गई. आंगन के फर्श पर मम्मी पड़ी थीं. उनका पूरा शरीर, कपड़े और फर्श खून से लाल हो चुके थे. मम्मी खुद को बचाने के लिए छटपटा रही थीं, पापा से छूटने की कोशिश कर रही थीं. वो चीख रही थीं ‘बचाओ… बचाओ, मुझे छोड़ दो.’ लेकिन पापा मम्मी के पेट पर बैठे थे. उनके एक हाथ में हमारे ही किचन का चाकू था और दूसरे हाथ से उन्होंने मम्मी को जकड़ रखा था.

वो बेरहमी से मम्मी को चाकू गोदे जा रहे थे. मैंने पापा का हाथ पकड़कर रोकना चाहा, तो उन्होंने मुझ पर भी चाकू चला दिया जिससे मेरी उंगली कट गई. वो चिल्ला रहे थे ‘बना वीडियो, बना रील, आज तेरी रील बनवाऊंगा’…” यह रोंगटे खड़े कर देने वाला बयान मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा खिवाई गांव में हुई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की हत्या के चश्मदीद और उनके 16 वर्षीय बड़े बेटे देव का है. 3 जुलाई की सुबह तीन मासूम बच्चों के सामने उनके ही पिता प्रदीप चौहान ने उनकी मां की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी.

हर्रा खिवाई गांव में रहने वाले प्रदीप चौहान की शादी 18 साल पहले हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर की रहने वाली निशा से हुई थी. दोनों की अरेंज मैरिज थी और उनके तीन बच्चे हैं. बड़ा बेटा देव , छोटा बेटा रोहित और 11 साल की बेटी एंजिल.

दुबई से लौटा था पति

प्रदीप पहले दुबई में एसी रिपेयरिंग का काम करता था और 2 साल पहले ही इंडिया लौटा था. मेरठ में उसकी कमाई काफी कम थी. निशा घर में ही एक ब्यूटी पार्लर चलाती थीं. इसके साथ ही वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं. इंस्टाग्राम पर उनके 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे और हाल ही में उनका ‘मिस्त्री मान जाओ’ वीडियो खूब वायरल हुआ था.

मम्मी उठाती थीं घर का खर्च

बेटे देव ने बताया, “मम्मी का पार्लर और यूट्यूबइंस्टाग्राम बहुत अच्छा चलता था. घर का सारा खर्चा और हम तीनों भाईबहनों की पढ़ाई का पैसा मम्मी ही अपनी कमाई से देती थीं.” शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में इस हत्या को सोशल मीडिया रील्स के विवाद से जोड़ा जा रहा था, लेकिन बड़े बेटे देव ने हत्या की असली और अंदरूनी वजह का खुलासा किया है. देव के मुताबिक, शुक्रवार को मम्मीपापा एक जमीन खरीदने जा रहे थे, जिसका बैनामा होना था. विवाद इसी बात को लेकर शुरू हुआ. पापा प्रदीप चाहते थे कि जमीन उनके नाम पर खरीदी जाए. चूंकि जमीन खरीदने का पूरा पैसा निशा की पार्लर और सोशल मीडिया की कमाई का था, इसलिए निशा का कहना था कि वह जमीन अपने ही नाम पर कराएंगी. इसी बात को लेकर प्रदीप के मन में हीनभावना और गुस्सा आ गया, जिसने सुबह 6 बजे खूनी खेल का रूप ले लिया.

‘रिश्ते के चाचा ने पापा को भड़काया, वो हमारे पार्लर से जलता था’

मासूम बेटे ने अपनी मां की मौत के लिए पड़ोस में रहने वाले एक रिश्ते के चाचा विकास को जिम्मेदार ठहराया है. देव ने रोते हुए बताया मेरे पापा बहुत सीधे हैं. वो तो खुद मम्मी को आगे बढ़ाते थे, उन्होंने ही पार्लर खुलवाया था. लेकिन पड़ोस का रहने वाला हमारा रिश्ते का चाचा पापा को भड़काता था. वह मम्मी की सफलता और पार्लर से जलता था. वह हमारे पार्लर के बगल में ही एक साइबर कैफे खोल रहा था, जहां दिनभर लड़के खड़े होकर सिगरेटगुटखा पीते थे. मम्मी इसका विरोध करती थीं ताकि पार्लर आने वाली लड़कियों के लिए माहौल न बिगड़े. इसी रंजिश में उसने पापा को बहका दिया कि निशा गलत वीडियो बनाती है. पापा उसके बहकावे में आकर भड़क गए.

मम्मी को मारने के बाद कमरे में भागा पिता, खुद को भी गोदा

देव ने बताया कि जब ताबड़तोड़ चाकू लगने से निशा की सांसें थम गईं और उनके हाथपैर हिलने बंद हो गए, तब प्रदीप चाकू लेकर ऊपर कमरे की तरफ भागा. बच्चे भी जब पीछे गए तो प्रदीप ने उसी चाकू से खुद के शरीर और हाथ पर कई वार कर लिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया.

इसके बाद डरेसहमे बच्चे चिल्लाते हुए बगल में रहने वाले अपने सगे चाचाचाची के घर भागे. निशा की देवरानी रिंकी ने बताया, “सुबह अचानक बच्चे रोते हुए आए और दरवाजा पीटा. बोले चाची, पापा मम्मी को चाकू मार रहे हैं. हम भागकर गए तो जेठानी निशा आंगन में खून से लथपथ मृत पड़ी थीं.” इसके बाद पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई और घायल प्रदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

‘हम तो अनाथ हो गए, भड़काने वाले को सजा मिले”

इस खौफनाक वारदात ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है और पिता अस्पताल के बिस्तर पर पुलिस कस्टडी में मौत से जूझ रहा है. रोते हुए बच्चों ने पुलिस से गुहार लगाई है, ‘यह सब उस रिश्ते के चाचा विकास की वजह से हुआ है. पुलिस उसे भी पकड़े और सख्त सजा दे.’ पुलिस ने CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्य कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.