Makrana News: नागौर जिले के मकराना शहर स्थित मंगलाना रोड पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हसीना मैरिज गार्डन के टेंट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पास ही स्थित ‘खुशी गारमेंट्स’ नाम के कपड़ों के शोरूम को भी पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. इस भयानक हादसे में टेंट गोदाम और कपड़ों की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. सूचना मिलते ही मकराना और कुचामन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को खतरे में डाल दिया. हसीना मैरिज गार्डन के टेंट गोदाम से शुरू हुई आग ने खुशी गारमेंट्स को चपेट में लिया, जिससे शोरूम मालिक का लाखों रुपये का कपड़ा और कीमती सामान जलकर राख हो गया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की एक हार्डवेयर की दुकान और एक निजी डेंटल क्लिनिक भी इसकी जद में आ गए.
होंडा शोरूम समेत खाली कराई गईं कई दुकानें
आग लगने की खबर मिलते ही मकराना पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मोर्चा संभाला. थानाधिकारी पंकज कुमार और हेड कांस्टेबल हरफूल मीणा ने पुलिसकर्मियों व स्थानीय लोगों की मदद से आसपास की दुकानों को तुरंत खाली करवाना शुरू किया. हार्डवेयर दुकान, डेंटल क्लिनिक और आसपास के प्रतिष्ठानों से सामान सुरक्षित बाहर निकाला गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एहतियात के तौर पर पास ही स्थित होंडा शोरूम को भी खाली कराया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
दमकल की गाड़ियों ने 2 घंटे में बुझाई आग, जांच में जुटी पुलिस
प्रशासन और दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा अग्निकांड होने से रुक गया. आग पर काबू पाने के लिए मकराना के साथसाथ कुचामन से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों के दो घंटे के कड़े प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका. फिलहाल, आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है. व्यापारियों द्वारा लिखित रिपोर्ट दिए जाने के बाद पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच करेगी.



