उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंझनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और बीजेपी नेता वीरेंद्र सरोज की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज समेत 4 लोगों और सैकड़ों अज्ञात समर्थकों के खिलाफ करारी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने रविवार को बताया कि बीजेपी नेता वीरेंद्र सरोज ने शनिवार देर रात शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता के समर्थकों ने उन पर हमला करने की कोशिश की.

बीजेपी नेता ने लगाए गंभीर आरोप

शिकायत के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बीजेपी नेता अपनी निजी गाड़ी से प्रयागराज जा रहे थे. तभी करारी थाना क्षेत्र के म्योहर गांव के पास, मंझनपुर के विधायक और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर उनकी गाड़ी को घेर लिया.वीरेंद्र सरोज ने आरोप लगाया कि विधायक इंद्रजीत सरोज और उनके समर्थकों ने बीजेपी के खिलाफ नारे लगाए, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला करने की कोशिश की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि घटना के समय उनके साथ उनका सरकारी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद था. उसके साथ भी धक्कामुक्की/मारपीट की.

पुलिस ने दर्ज की FIR

एसपी ने बताया कि करारी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 , 191 , 352 और 126 के तहत FIR दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की. दूसरी ओर, सपा नेताओं ने इन आरोपों को राजनीतिक स्टंट और निराधार बताया है. इस घटना के सामने आने के बाद राजनीति गरमा गई है.